प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले संबंधित ट्रस्ट ने बुधवार को उस मैदान की बुकिंग रद्द कर दी, जहां यह कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। केपी ग्राउंड में राहुल के प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए केपी ट्रस्ट द्वारा अनुमति रद्द किए जाने के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष 8 अगस्त को प्रयागराज आएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे।

प्रयागराज में देर शाम अजय राय ने पत्रकारों से कहा, ”यह शहीदों और प्रतियोगी छात्रों की धरती है और यहां शुरू से प्रतियोगी छात्र अपना भविष्य तलाशते रहे हैं। राहुल जी 8 अगस्त को यहां आएंगे और बच्चों से संवाद करेंगे।” उन्होंने कहा, ”मेरा सरकार और प्रशासन से आग्रह है कि हमें वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराए क्योंकि हम चाहते हैं कि हमारे नेता राहुल गांधी बच्चों से संवाद करें। कार्यक्रम की रसीद से स्पष्ट है कि वहां खेल खिलाया जाता है। शनिवार शाम को कॉलेज बंद रहेगा और अगले दिन रविवार है। सरकार राहुल गांधी से घबरा गई है।”

भाजपा सरकार बाधाएं खड़ी कर रही- कांग्रेस

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “भाजपा सरकार चाहे कितनी भी बाधाएं खड़ी करने की कोशिश करे, विपक्ष के नेता का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 8 अगस्त को प्रयागराज की पवित्र भूमि पर हर हाल में आयोजित होगा। पहले कोटा (राजस्थान), फिर देहरादून (उत्तराखंड) और अब प्रयागराज भाजपा सरकार युवाओं और राहुल गांधी जी के बीच इस ऐतिहासिक संवाद को रोकने के लिए हर जगह व्यर्थ प्रयास कर रही है लेकिन देश के युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। मैं सभी छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा के उम्मीदवारों और युवाओं से अपील करता हूं कि वे 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंचें और अपनी आवाज सीधे राहुल गांधी जी तक पहुंचाएं।”

कुछ दिन पहले मैदान पर शादी समारोह हुआ था, उस पर आपत्ति नहीं-अजय

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए अजय राय ने कहा, “हमें पहले से अनुमति मिल गई थी और हमने अग्रिम राशि भी जमा कर दी थी। कुछ ही दिन पहले इसी मैदान पर एक शादी समारोह हुआ था और उस पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई थी। अगर कोई समस्या थी तो उन्हें पहले तो यह मैदान आवंटित ही नहीं करना चाहिए था।”

कांग्रेस का दावा है कि उसने पूर्व अनुमति प्राप्त कर ली थी और 51,000 रुपये की अग्रिम राशि जमा कर दी थी। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स द्वारा जारी की गई रसीद से यह भी पता चलता है कि कांग्रेस ने बुकिंग के लिए NEFT के माध्यम से 51,000 रुपये जमा किए थे।

केपी ट्रस्ट ने कैंसिलेशन के पीछे बताई यह वजह

बुधवार को जारी एक पत्र में, कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस आदेश का हवाला देते हुए अनुमति वापस ले ली जिसमें कहा गया था कि शैक्षणिक गतिविधियों में बाधा नहीं डाली जानी चाहिए और यह आयोजन दो शिक्षण संस्थानों के छात्रों को प्रभावित कर सकता है। ट्रस्ट ने पत्र में कहा कि मानसून से खेल के मैदान को नुकसान पहुंच सकता है और उसकी मरम्मत में कई दिन लगेंगे, जिससे स्कूल की गतिविधियां बाधित होंगी। ट्रस्ट ने कांग्रेस को सलाह दी कि वह कार्यक्रम बरसात के मौसम के बाद या छुट्टियों के दौरान आयोजित करे। उसने पार्टी को यह भी सूचित किया कि अग्रिम राशि वापस कर दी जाएगी।

इससे पहले केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था, “केपी कॉलेज के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त, 2025 को आदेश पारित किया था जिसमें केपी कॉलेज के ग्राउंड को खेल-कूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य कार्य के लिए नहीं देने को कहा गया था।” उन्होंने कहा कि इसके अलावा, केपी ग्राउंड में बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे इस तरह का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है।

साथ ही कांग्रेस को अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि वह इस आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति प्राप्त करे लेकिन अभी तक जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं आई है। चौधरी ने कहा कि इन कारणों से कांग्रेस को आगामी 8 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति रद्द की गई है।

यह भी पढ़ें: ‘स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल का नाम बदलकर हो अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह’

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के महुआ डाबर संग्रहालय ने बुधवार को अपनी मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। महुआ डाबर संग्रहालय ने मांग की है कि प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय का नाम बदलकर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर किया जाए। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें