Joshimath Sinking : जोशीमठ में ऊपरी इलाकों में आज मौसम बदल गया है। ऊपरी इलाकों में बर्फबारी (Snowfall) का असर जोशीमठ शहर में देखा जा सकता है। बुधवार रात राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद जोशीमठ पहुंचकर हालातों का जायजा लिया। उन्होंने रिलीफ कैंपस में पहुंचकर लोगों की समस्याएं जानी और उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन किया।
रिलीफ कैंप में खुद सीएम पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) को अपने बीच देख कई महिलाएं रोने लगीं। लोगों ने मुख्यमंत्री से तुरंत सहायता की अपील की। आइए आपको बताते हैं जोशीमठ से जुड़े लेटेस्ट अपडेट।
मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया कि लोगों को पुनर्वास के लिए 45 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। चमोली के डीएम ने बताया कि धनराशि को बांटने के लिए 11 मेंबर कमेटी का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यालय की तरफ से बुधवार को बताया गया कि जोशीमठ में प्रभावित परिवारों को तात्कालिक तौर पर ₹1.5 लाख की धनराशि अंतरिम सहायता के रूप में दी जा रही है। CM ने कहा कि हमारी सरकार स्थानीय लोगों के हितों का पूरा ध्यान रख रही है। भू-धंसाव से जो स्थानीय लोग प्रभावित हुए हैं उनको मार्केट रेट पर मुआवजा दिया जाएगा।
जोशीमठ में हालातों को लेकर आज गृहमंत्री अमित शाह ने बैठक बुलाई। उन्होंने बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से भी इस बारे में बात कर हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार सुबह जोशीमठ के नरसिंह मंदिर में पूजा की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने भगवान से राज्य की रक्षा करने और इस संकट को हल करने की प्रार्थना की। जैसा कि हमने पहले ही कहा कि सरकार संकटग्रस्त लोगों के लिए सर्वोत्तम संभव राहत पैकेज तैयार करेगी क्योंकि यह एक प्राकृतिक आपदा है।”
जोशीमठ में भारतीय सेना को भी नुकसान हुआ है। यहां भारतीय सेना की 25 से 28 इमारतों में भी दरारें आई हैं। सेना प्रमुख मनोज पांडे ने गुरुवार को बताया कि यहा जिन सैनिकों की पोस्टिंग है, उनमें से कुछ को अस्थायी तौर पर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। अगर जरूरत पड़ी तो सैनिकों को स्थायी रूप से औली शिफ्ट किया जा सकता है।