Uttarakakhand Politics: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत के हर कदम से राज्य में कांग्रेस पार्टी को नुकसान हो रहा है। कांग्रेस आलाकमान की मनाही के बावजूद हरीश रावत ने उत्तराखंड में धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा शुरू की और कहा कि उनके कदम से पार्टी को ही फायदा होगा।

हालांकि उत्तराखंड की कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि रावत सात या आठ अक्तूबर को दिल्ली में मिलने आएंगे, तो रावत के तेवर नर्म पड़ गए। हालांकि हरीश रावत ने पार्टी आलाकमान की सख्त चेतावनी को देखते हुए उन्होंने अपनी आगे की यात्राओं को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

बीच में दौरा छोड़कर दिल्ली लौटे हरीश रावत

हल्द्वानी के दौरे पर निकले हरीश रावत अपनी यात्रा को बीच में ही छोड़कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं रावत ने कहा कि वह जल्दी ही दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता वेणुगोपाल से मिलेंगे। हरीश रावत की इस बहुचर्चित यात्रा को पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और उनके समर्थकों का जबरदस्त साथ मिल रहा था जिससे रावत की स्थिति मजबूत हो रही थी।

वहीं दूसरी ओर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और हरक सिंह रावत के खेमे को खासी बेचैनी हो रही थी क्योंकि हरीश रावत का उत्तराखंड के मुस्लिम वर्ग और राजपूत वर्ग में अच्छा प्रभाव है और उनकी हरिद्वार और हल्द्वानी में निकली यात्रा में भारी भीड़ देखने को मिली थी। रावत ने हरिद्वार विधानसभा सीट और खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई थी।

टिकट बंटवारे को लेकर मांग

उन्होंने अपनी विधायक बेटी अनुपम रावत को हरिद्वार ग्रामीण से दोबारा टिकट देने तथा अपने बेटे आनंद रावत को भी टिकट देने की मांग रखी थी। उनकी इस यात्रा में भारी भीड़ देखकर पार्टी में उनके विरोधी गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य और हरक सिंह रावत की जमीन खिसकने लगी और हरीश रावत और प्रीतम सिंह गुट का जनता में प्रभाव बढ़ने लगा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक बड़ा खेमा हरीश रावत से जुड़ गया और राज्य में कांग्रेस संगठन के साथ-साथ हरीश रावत समर्थकों का एक समानांतर संगठन खड़ा हो।

आलाकमान को दी जानकारी

सूत्रों के मुताबिक हरीश रावत की गतिविधियों की सूचना प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आलाकमान को दी, जिस पर पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने रावत को चिट्ठी भेज कर अपनी जन संवाद और धन्यवाद यात्रा को रोकने का फरमान जारी किया। जिसे रावत ने रद्दी की टोकरी में डाल दिया और अपनी यात्रा जारी रखी।

हरीश रावत पर काबू पाने के लिए पार्टी के बड़े नेता वेणुगोपाल ने रावत को चिट्ठी भेजकर तुरंत अपनी यात्रा रोकने का आदेश जारी किया मामला राहुल गांधी के दरबार में पहुंचने पर हरीश रावत ने अपने कदम पीछे खींच दिए और भी बचाव की मुद्रा में आ गए और उन्होंने अपनी यात्रा बीच में ही रद्द कर दिल्ली जाने का फैसला लिया।

रावत बोले- व्यक्तिगत कोई एजेंडा नहीं

हरीश रावत का कहना है कि उनका मकसद तो केवल कांग्रेस को झकझोरना था। ताकि प्रदेश में सुप्त पड़ी कांग्रेस को जगाया जा सके और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी फिर से सत्ता में आ सके। रावत ने कहा कि उनका कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है। उनका एजेंडा पार्टी को मजबूत करना है और उत्तराखंड में पार्टी की सरकार बनाना है। उनका मकसद केवल पार्टी और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना व जनता से संवाद कायम करना है।

यह भी पढ़ें: ‘रोज का ड्रामा बंद करो और मोदी से सीखो…’, EC के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन पर BJP का पलटवार

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक के सभी दलों के सांसदों के विरोध प्रदर्शन को बीजेपी ने ‘ड्रामा’ करार दिया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ ‘रोज का यह ड्रामा’ बंद करना चाहिए और इसके बजाए काम के आधार पर जनता का जनता का विश्वास और जनादेश हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए। पढ़िए पूरी खबर…