Uttarakhand News: उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में अपनी समृद्ध जैव विविधता और दुर्लभ हिमालयी पक्षियों के लिए विख्यात मुनस्यारी में अति दुर्लभ व संकटग्रस्त ‘रेड हेडेड वल्चर’ (लाल सिर वाला गिद्ध) देखा गया है। यह गिद्ध पांच अक्तूबर को मुनस्यारी स्थित गैर सरकारी संगठन ‘मोनाल’ के पक्षी प्रेमियों की एक टीम ने देखा। इस गिद्ध का वैज्ञानिक नाम ‘सरकोजिप्स कैल्वस’ है।
‘मोनाल’ के निदेशक सुरेंद्र पंवार ने बताया कि उन्होंने और उनकी टीम ने मुनस्यारी में समुद्र तल से करीब 2,650 मीटर की ऊंचाई पर पातालथोड़ के जंगलों में इस गिद्ध को देखा। टीम में कविंदर पंवार और प्रकाश राणा भी शामिल थे।
सबसे आकर्षक क्यों होते हैं ये गिद्ध
पंवार के अनुसार, इस पक्षी को अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आइयूसीएन) की सूची में ‘गंभीर रूप से लुप्तप्राय’ श्रेणी में रखा गया है। यह भारतीय उपमहाद्वीप की संकटग्रस्त पक्षी प्रजातियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि बिना बालों वाले लाल सिर, मजबूत चोंच और गहरे रंग के पंखों के कारण यह भारत का सबसे आकर्षक गिद्ध माना जाता है।
पंवार ने बताया कि गिद्ध खुले घास वाले ढलान पर दिखाई दिया, जिससे टीम उसकी तस्वीरें लेने और उसका उचित दस्तावेजीकरण करने में सफल रही। पिथौरागढ़ के प्रभागीय वन अधिकारी आदित्य रत्ना ने कहा कि 2,650 मीटर की ऊंचाई पर लाल सिर वाले गिद्ध का दिखाई देना महत्त्वपूर्ण है और यह दिखाता है कि इस क्षेत्र की खाद्य शृंखला और पारिस्थितकी तंत्र सुरक्षित है। उन्होंने कहा, ‘गिद्धों को प्रकृति का सफाईकर्मी माना जाता है। वे मरे हुए जानवरों को खाकर जीवित रहते हैं। किसी क्षेत्र में उनकी मौजूदगी इस बात का संकेत है कि वहां खाद्य शृंखला सक्रिय है।’
एशिया में विलुप्त होने के कगार पर
लाल सिर वाले गिद्ध की आबादी में भारी गिरावट आई है, जो 90 फीसद तक पहुंच गई है, जबकि अन्य दो जिप्स प्रजातियों की आबादी में 97-99 फीसद की गिरावट आई है। वर्तमान में, लाल सिर वाले गिद्ध की आबादी लगभग 3,500-15,000 होने का अनुमान है। बहरहाल, गिद्धों के अस्तित्व को बचाने के लिए भारत, नेपाल और पाकिस्तान की सरकारों ने संरक्षण कार्यक्रमों पर सहमति जताई, जो एक विशेष प्रजनन कार्यक्रम के माध्यम से इनकी आबादी को बनाए रखने में मदद करते हैं।
संकटग्रस्त प्रजातियों में शामिल
लाल सिर वाला गिद्ध भारत में पाई जाने वाली संकटग्रस्त गिद्ध प्रजातियों में शामिल है। कभी भारतीय उपमहाद्वीप के बड़े हिस्से में इसकी मौजूदगी थी, लेकिन पिछले कुछ दशकों में इसकी संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में मुनस्यारी जैसे उच्च हिमालयी क्षेत्र में इसकी मौजूदगी दर्ज होना पक्षी विविधता के लिहाज से महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में दवा के कवर पर हिंदी समेत तीन भाषाओं में नाम लिखने पर विवाद, अस्पतालों ने वितरण रोका
तमिलनाडु की भाषा नीति को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच कोयंबटूर और करूर के सरकारी अस्पतालों ने हिंदी समेत तीन भाषाओं में छपे दवाओं के कवर का वितरण रोक दिया है। राज्य के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली दवा की पैकेजिंग पर खुराक संबंधी निर्देश तमिल, अंग्रेजी और हिंदी में छपे होने के बाद नेताओं ने इसकी तीखी आलोचना की। पढ़िए पूरी खबर…
