ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के चलते देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडरों की कमी देखने को मिल रही है। कई हिस्सों में सिलेंडर न मिलने के चलते दुकानों, रेस्टोरेंट्स को बंद करना पड़ा है। ऐसे ही उत्तराखंड में भी कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी से ढाबों और सड़क किनारे के छोटे भोजनालयों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके कामकाज में दिक्कत हो रही है।
एक ढाबे के मालिक ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, “सप्लाई तो जारी है लेकिन ज्यादा कीमत पर, चूंकि हम इसे खरीद नहीं सकते इसलिए हमने लकड़ी जैसे अन्य विकल्पों का सहारा लिया है।” एक ढाबे के मालिक ने न्यूज एजेंसी को बताया, “हम गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। ग्राहकों तक ऑर्डर पहुंचाने में भी दिक्कत आ रही है, हर चीज की कीमतें बढ़ गई हैं।”
इस बीच दिल्ली सरकार ने रविवार को गोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध की घोषणा की और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एलपीजी की आपूर्ति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी कमी को रोका जा सके और मानदंडों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
दिल्ली सरकार ने गोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर लगाया प्रतिबंध
सीएम गुप्ता ने कहा, “निवासियों को सलाह दी गई है कि वे गैस एजेंसियों या भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों क्योंकि बुक किए गए सिलेंडर निर्धारित समय के भीतर घरों तक पहुंचाए जा रहे हैं।” बयान के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों (OMC) ने वितरकों को निर्देश जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि भंडारण स्थलों से किसी भी प्रकार की सीधी बिक्री अवैध है। इस बीच, सरकार ने कहा कि उसने आपूर्ति में सुधार करने के लिए विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों के लिए पांच किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता बढ़ा दी है।
नोएडा में सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े लोग
वहीं, लोगों की शिकायतों के बावजूद सरकार ने बार-बार दावा किया है कि ऑनलाइन बुकिंग करने वालों को कुछ दिनों बाद उनके सिलेंडर मिल रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर गैस उपभोक्ता बुकिंग के बावजूद कई दिनों तक गैस सिलेंडर न मिलने की शिकायत कर रहे हैं। नोएडा में एक गैस एजेंसी के बाहर जमा हुए लोगों ने वैध घरेलू गैस उपभोक्ता कार्डों के आधार पर बुक किए गए सिलेंडरों पर भी लंबे इंतजार की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी अक्सर यह दावा करती है कि बुकिंग सर्वर समस्याओं और कंप्यूटर लिंक के बंद होने के कारण नहीं हो पा रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
