Uttarakhand News: उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने गिरधारी लाल साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रेखा आर्य की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की तमाम धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

रेखा आर्य उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर (सुरक्षित) विधानसभा सीट से बीजेपी की विधायक हैं। रेखा आर्य ने अपने फेसबुक पेज पर शेयर किए गए वीडियो में भी अपनी बात रखी है। एफआईआर दर्ज कराने के कुछ ही देर बाद मंत्री की तबियत बिगड़ गयी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। 

क्या कहा रेखा आर्य ने?

रेखा आर्य का दावा है कि उन्हें हाल ही में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है। ऑडियो रिकॉर्डिंग में गिरधारी लाल साहू कथित तौर पर एक महिला से बात करते हुए उनकी (रेखा आर्य की) हत्या की साजिश रचते हुए सुनाई दे रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनकी और उनके नाबालिग बच्चों की जान को खतरा है। उन्होंने यह भी कहा है कि उनके पति कभी भी कोई बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

पति के व्यवहार में बदलाव का आरोप

रेखा आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में उनके पति का व्यवहार उनके प्रति बदल गया था। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके पति के अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध हैं। जब उन्होंने इन संबंधों पर आपत्ति जताई, तो उनके पति ने अपनी गलती मान ली और उनसे मौखिक तथा लिखित रूप में माफी मांगी। रेखा आर्य का आरोप है कि माफी मांगने के बावजूद उनके पति ने अपनी हरकतें जारी रखीं।

रेखा आर्य ने बताया कि साहू से उनकी शादी 2004 में हुई थी। उन्होंने रोते हुए बताया कि इस ऑडियो ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। मंत्री ने कहा, ”मैं यह वीडियो इसलिए भी बना रही हूं कि महिला चाहे आम हो या खास, वह घरेलू अत्याचार और मानसिक उत्पीड़न नहीं सहे। इसे सहना नहीं है, बल्कि इसके खिलाफ आवाज उठानी है।” 

मंत्री ने कहा कि उनके मायके वालों ने हमेशा उनका साथ दिया है और उन्हें भरोसा है कि इस मुश्किल घड़ी में भी वे उनके साथ खड़े होंगे।

यह भी पढ़ें- अंकिता भंडारी के लिए न्याय की लड़ाई फिर तेज

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बावजूद मामला एक बार फिर चर्चा में है। सितंबर 2022 में ऋषिकेश के पास वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की हत्या कर दी गई थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।