समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक आजम खान 27 महीने बाद जमानत पर सीतापुर जेल से रिहा हो गए हैं। जेल से रिहा होने के बाद आज़म खान सीधे सपा के पूर्व विधायक अनूप गुप्ता के घर गए और फिर उसके बाद रामपुर रवाना हो गए। बताया जाता है कि आजम खान समाजवादी पार्टी से नाराज चल रहे हैं। जेल से छूटने के प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भी आजम खान ने कहा कि हमें अपनों ने धोखा दिया है।
वहीं आजम खान से मुलाकात को लेकर मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल पर सपा के सहयोगी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “हम अपने मालिक हैं और अखिलेश जी अपने मालिक हैं। अगर अखिलेश जी बोलेंगे कि मिलने के लिए साथ चलिए, तो हम जरूर जाएंगे। आजम जी बड़े नेता हैं, सरकार बनवाते रहे हैं, तो मिलने जरूर जाएंगे।”
वहीं ज्ञानवापी विवाद पर ओपी राजभर ने कहा, “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने कहा है कि रघुपति राघव राजा राम, सबको सम्मति दे भगवान, ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, तो फिर ये विवाद किस बात का। जब घट-घट व्यापी राम हैं, दुनिया देखे नाही, तो फिर विवाद क्यों। जो राजनीति हो रही है, नेता सिर्फ वोट के लिए बोलते हैं।
वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी आजम खान की रिहाई का स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “सपा के वरिष्ठ नेता व विधायक मा. श्री आज़म ख़ान जी के जमानत पर रिहा होने पर उनका हार्दिक स्वागत है। जमानत के इस फ़ैसले से सर्वोच्च न्यायालय ने न्याय को नये मानक दिये हैं।पूरा ऐतबार है कि वो अन्य सभी झूठे मामलों-मुक़दमों में बाइज्ज़त बरी होंगे। झूठ के लम्हे होते हैं, सदियाँ नहीं!”
बता दें कि जब आजम खान रिहा हुए, उस समय भारी भीड़ जेल पर उनका स्वागत करने पहुंची थी। सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव भी आजम खान से मिलने सीतापुर जेल पहुंचे थे। जेल रवाना होने से पहले शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट किया था, “सूबे के आवाम के लिए यह सुखद है कि आजम खान साहब आज उनके चाहने वालों के बीच होंगे। मैं सीतापुर के लिए निकल चुका हूं, उत्तर प्रदेश के क्षितिज पर नया सूरज निकल रहा है। आइए, आजम खान साहब का इस्तकबाल करें।”