अलसुबह गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था युवक, परिजनों ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर कर दी पिटाई, मौत
बताया गया है कि लड़की के परिवारवालों ने लड़के को मुंह में कपड़ा ठूंस कर मारा। गंभीर चोटों के चलते अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश से हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला राज्य के आजमगढ़ जिले का है, जहां एक परिवार ने बुधवार सुबह अपनी प्रेमिका से मिलने गए युवक को इतना मारा कि उसकी मौत हो गई। घटना कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चेवता गांव की है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेमिका सहित पांच लोगों को हरासत में ले लिया। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि लड़की के परिवारवालों ने लड़के को मुंह में कपड़ा ठूंस कर मारा। गंभीर चोटों के चलते अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया है कि युवक का नाम मनीष कुमार था। उसका गांव में रहने वाली एक युवती से प्रेम संबंध था। युवक के प्रेम संबंध की जानकारी जब उसके परिजनों को हुई, तो उन्होंने उसे दिल्ली भेज दिया। हालांकि, मनीष लॉकडाउन के दौरान घर आ गया था और तब से गांव में ही था। इस घटना के बाद पुलिस ने मनीष के भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में लड़की के साथ उसके दो भाई और दो अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मंगलवार रात मनीष के मोबाइल पर एक फोन आया। इसके बाद वह प्रेमिका से मिलने उसके घर चला गया। रात में प्रेमिका के परिजनों को आहट हुई। इसके बाद उन्होंने मनीष और युवती को पकड़ लिया और गुस्से में मनीष के मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और बेइंतहा पिटाई कर दी। इसके बाद लड़की के परिवारवालों ने पुलिस को फोन कर घर में चोर घुसने की सूचना दी। जब पुलिस सुबह घटनास्थल पर पहुंची, तो उसे मनीष गंभीर रूप से घायल मिला। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।