उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में आधुनिक अवसंरचना को मजबूत करने के लिए 200 करोड़ रुपये के निवेश हेतु एक जर्मन रेल अवसंरचना कंपनी के साथ बृहस्पतिवार को समझौते की घोषणा की।

सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी में कंपनी के विनिर्माण संयंत्र के दौरे में रेलवन जीएमबीएच के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

बयान के अनुसार, यह कदम राज्य में आधुनिक अवसंरचना विकसित करने और वैश्विक साझेदारी बढ़ाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृष्टिकोण के अनुरूप है। मौर्य के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने उन्नत रेल पटरी प्रौद्योगिकियों और आधुनिक कंक्रीट स्लीपर विनिर्माण प्रणालियों का निरीक्षण किया।

बयान में कहा गया कि प्रतिनिधिमंडल ने उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों और वैश्विक सर्वोत्तम प्रक्रिया को समझने के लिए कंपनी के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।