उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बेटे के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द कराने की मांग को लेकर एक व्यक्ति बिजली के टावर पर चढ़ गया लेकिन अब खुद भी मुकदमेबाजी में फंस गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास से उसे नीचे उतारा गया।
सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि टावर पर चढ़े व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज किया गया है। कानून को हाथ में लेने का जो भी प्रयास करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही होगी। ग्राम ताहरपुर में रविवार को गांव के एक युवक शेखर (26) पर छेड़छाड़ का आरोप लगा और शेखर व उसके परिवार के लोगों ने मिलकर युवती के परिजनों के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने शेखर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा किया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कहा कि रविवार शाम दोनों पक्षों के लोग मामले को निपटाने के लिए इकट्ठा हुए तभी आरोपी शेखर का पिता महेंद्र (53) अपने पुत्र के खिलाफ दर्ज मुकदमे को रद्द कराने की मांग को लेकर गांव में ही बिजली के एक टावर पर चढ़ गया। उसने आत्महत्या करने की धमकी देनी शुरू कर दी। उसके टावर पर चढ़ते ही वहां ग्रामीणों का जमघट लग गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस भी वहां पहुंची और महेंद्र को काफी समझाया लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी तरह पुलिस ने उसे आश्वासन देते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट का मामला दर्ज है, जबकि टावर पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास करने वाले महेंद्र के खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें – ग्रेटर नोएडा के यमुना सिटी में निवेशकों की उम्मीदें बढ़ीं, जमीन की कीमतों में फिर उछाल के संकेत
यमुना शहर के निवेशकों के लंबे समय से सुस्त पड़े हौसले अब हवाई अड्डे के उद्घाटन की तारीख तय होने के बाद बढ़ने लगे हैं। जानकारों का मानना है कि भले ही जमीन पर कीमतों में तेजी और खरीद-फरोख्त में कुछ समय लगे, लेकिन गत शुक्रवार को यमुना औद्योगिक एवं विकास प्राधिकरण (यीडा) बोर्ड की 89वीं बैठक में सभी संपत्तियों की दरों में 3.58 फीसद की वृद्धि कर इसका आगाज कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें…
