नोएडा: ओखला में महिला की कुल्हाड़ी से की हत्या, पुलिस ने पकड़ा आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कुछ समय बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ओखला औद्योगिक इलाके में शुक्रवार शाम एक महिला की सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी 50 साल का चंद्रपाल फरार हो गया था। लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। 50 साल की मुन्नी देवी अपनी दो बेटियों 20 साल की मीनाक्षी और 18 साल की दुगा्र के साथ तेहखंड में मजदूर झुग्गी बस्ती में रहती थी। वह उत्तर प्रदेश के मथुरा कोसी की रहने वाली थी। पिछले पांच साल से वह उत्तर प्रदेश के एटा निवासी 50 साल के चंद्रपाल के साथ आपसी सहमति से रह रही थी। मुन्नी के दो बेटे और दो अन्य बेटियां आसपास के इलाके में ही रहते हैं। करीब एक महीने से मुन्नी का दिव्यांग मामा बाबूलाल भी उसके साथ ही रह रहा है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले एक महिला मुन्नी के मामा से मिलने आई थी। इसी बात को लेकर मुन्नी और चंद्रपाल से कहासुनी हो गई थी। घटना से कुछ वक्त पहले चंद्रपाल काम से लौटा था और शराब के नशे में था। मुन्नी ने उसे खाना खाने को कहा लेकिन उसने खाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद गुस्साए चंद्रपाल ने महिला पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कुछ समय बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी पर हमला कर पुलिस को किया फोन
कंझावला इलाके में युवती पर जानलेवा हमला कर उसके पति ने पीसीआर को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी की हालत गंभीर है। इसके बाद उसने दोबारा फोन किया कि वह ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या करने जा रहा है। इस सूचना पर पीसीआरकर्मियों ने तत्परता दिखाकर दोनों की जान बचा ली। इस घटना में महिला जहां खून से लथपथ घर में बेहोश पड़ी थी। मामले में कंझावला थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास में मामला दर्ज तो कर लिया है। लेकिन महिला के गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती होने के कारण पुलिस उसका बयान नहीं ले सकी है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात 12 बजकर 13 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष को महिला के पति ने सूचना दी कि सावदा के घेवड़ा में उसने पत्नी की पिटाई कर दी है। उसकी हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही तुरंत पीसीआरकर्मी गांव में पहुंच गए। लेकिन घटनास्थल के बारे में उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने महिला के घर को खोज निकाला। घर पर पहुंचने पर पीसीआरकर्मियों ने दरवाजा बंद पाया और बार-बार खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आ रही थी। ऐसे में पड़ोसियों की मदद से छत से होकर घर में प्रवेश किया तो कमरे में एक महिला बेहोशी की हालत में मिली। उसके सिर पर गहरे जख्म के निशान थे। उसे तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।