मां के पीछे-पीछे चल रही गूंगी और मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग बच्ची का अपहरण, फिर किया गैंगरेप
लड़की अपनी मां से थोड़े कदम की दूरी पर पीछे-पीछे चल रही थी जिसके कारण आरोपी उसका अपहरण करने में सफल हो गए।

उत्तर प्रदेश में गूंगी और मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला मथुरा के कोशिकला गांव का है, जहां पर बुधवार को तीन युवकों ने लड़की को अगवा कर उसके साथ कथित रूप से सामूहिक बलात्कार को अंजाम दिया। इस मामले की जानकारी देते हुए कोशिकलां पुलिस थाने के एसपी अरुण कुमार ने बताया कि गैंगरेप और पोस्को एक्ट के तहत तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कोशिकला के गांव में अपने परिवार के साथ रहने वाली लड़की अपनी मां के साथ जंगल से लकड़ियां लेने के लिए गई थी।
जब वह अपनी मां के साथ वापस घर के लिए लौट रही थी तो नशे में धुत इन आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। लड़की अपनी मां से थोड़े कदम की दूरी पर पीछे-पीछे चल रही थी जिसके कारण आरोपी उसका अपहरण करने में सफल हो गए। लड़की की मां को जब ये एहसास हुआ कि उसकी बेटी उसके पीछे नहीं चल रही है तो वह पीछे मुड़ी। पीछे मुड़ने के बाद उसने देखा कि आरोपी बच्ची की इज्जत को तार-तार कर रहे थे। यह देखते ही लड़की की मां ने शोर मचाना शुरु कर दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनते ही गांव के कुछ लोग वहां पर पहुंच गए और उन्होंने दो आरोपियों को पकड़ लिया जब्कि एक वहां से भाग खड़ा हुआ।
इस मामले की शिकायत पीड़ित लड़की के भाई ने गुरुवार की सुबह पुलिस थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में उसी गांव के कन्हैया और राजस्थान के रहने वाले कमल किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीसरा आरोपी नानक अभी फरार है जिसे पकड़ने के लिए पुलिस जगह-जगह दाबिश दे रही है। देश में महिलाओं के साथ छेड़खानी और बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं लेकिन इन्हें रोकने के लिए कोई ठोस कानून नहीं बनाए जा रहे हैं।