Former PM Chandra Shekhar election anecdotes: चुनाव आने में अभी कई महीने बाकी हैं। लेकिन चुनावी मौसम की पहचान यही है कि तारीख भले दूर हो, चर्चाएं बहुत पहले शुरू हो जाती हैं। किसे टिकट मिलेगा, कौन किसके साथ जाएगा, किस इलाके में किस नेता की पकड़ बची है और किसके नाम पर भीड़ अब भी जमा हो सकती है, यह सब बातें धीरे-धीरे गांवों, चौराहों और बाजारों तक पहुंचने लगती हैं। इनमें कुछ खबर होती हैं, कुछ अनुमान और कुछ ऐसी बातें भी, जिनका कोई सिर-पैर नहीं होता। फिर भी चुनाव आने तक वे इतनी बार दोहराई जाती हैं कि लोग उन्हें सच मानने लगते हैं।

पूर्वांचल में चुनावी अफवाहों की यह परंपरा नई नहीं है। यहां नेताओं की लोकप्रियता को भी अक्सर किसी सर्वे या आंकड़े से नहीं, बल्कि इस बात से परखा जाता रहा है कि उनके आने की खबर पर लोग कितनी देर तक इंतजार कर सकते हैं। 1977 की एक रात इलाहाबाद में ऐसा ही कुछ हुआ था।

विधानसभा चुनाव का समय था। शहर उत्तरी सीट से जनता पार्टी ने बाबा राम आधार यादव को उम्मीदवार बनाया था। उनके सामने प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुकीं डॉ. राजेंद्र कुमारी बाजपेयी थीं। चुनावी सभा कटरा चौराहे पर रखी गई थी। मंच पर आने वाले नेताओं में चंद्रशेखर और जनेश्वर मिश्र के नाम थे। दोनों के पहुंचने का समय रात आठ बजे बताया गया था।

आठ बजा। फिर नौ। फिर दस।

सभा में बैठे लोगों की संख्या कम होने के बजाय इंतजार बढ़ता गया। चुनाव के दिनों में नेताओं की सभाओं के लिए भीड़ जुटाना कोई असाधारण बात नहीं थी, लेकिन इतनी देर तक लोगों का टिके रहना अपने आप में एक खबर थी। आखिरकार रात के करीब एक बजे चंद्रशेखर पहुंचे। उनके बाद जनेश्वर मिश्र आए। भाषण शुरू हुए और सभा करीब ढाई बजे खत्म हुई।

आज के चुनावी माहौल में रात के एक बजे शुरू होने वाली किसी सभा की कल्पना करना मुश्किल है। लेकिन उस समय पूर्वांचल और आसपास की राजनीति में नेता और जनता के बीच रिश्ता कुछ और था। सभा सिर्फ भाषण सुनने की जगह नहीं होती थी। लोग यह देखने भी आते थे कि नेता क्या कह रहा है, किसके साथ खड़ा है और उसके आने पर आसपास के लोग कैसी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

चंद्रशेखर की राजनीति को समझने के लिए बलिया का एक और चुनावी किस्सा ज्यादा दिलचस्प है। वह अपने चुनाव के समय भी खुद के लिए वोट मांगने की शैली में नहीं चलते थे। 1977 के बाद बलिया उनकी राजनीतिक कर्मभूमि बन गई। 1977 से 2004 के बीच उन्होंने नौ लोकसभा चुनाव लड़े और आठ बार जीते। 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद चली कांग्रेस की लहर में वे जगन्नाथ चौधरी से हार गए। बाकी चुनावों में बलिया ने बार-बार उन्हें संसद भेजा।

लेकिन चंद्रशेखर की स्वीकार्यता का शायद सबसे अच्छा पता उस घटना से चलता है जिसमें वह अपने लिए नहीं, अपने विरोधी के कार्यकर्ताओं के लिए परेशान दिखाई देते हैं।

‘मैं उत्तर प्रदेश हूं’ स्तम्भ के अन्य लेख यहां पढ़ें

एक चुनाव में उनके सामने समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र थे। जनेश्वर मिश्र की चुनाव संचालन समिति में रहे पांडे गोविंद ने बाद में उस घटना को याद किया। चुनाव प्रचार का दौर था। रात काफी हो चुकी थी। वह चुनाव कार्यालय से अपने घर की ओर पैदल जा रहे थे। तभी सामने से चंद्रशेखर की गाड़ी आई। चंद्रशेखर ने गाड़ी रुकवाई।

उन्होंने पूछा कि इतनी रात में पैदल क्यों जा रहे हैं। बात यहीं खत्म नहीं हुई। अगले दिन जनेश्वर मिश्र तक संदेश पहुंचाया गया कि चुनाव प्रचार में गाड़ियां कम पड़ रही हों तो बताइए, गाड़ी भेज दी जाएगी। रात में किसी कार्यकर्ता को पैदल मत भेजिए।

चुनाव था। सामने उम्मीदवार भी वही था जिससे मुकाबला होना था। लेकिन चंद्रशेखर के लिए राजनीतिक मुकाबला शायद व्यक्तिगत दुश्मनी का दूसरा नाम नहीं था। यह छोटा-सा किस्सा उस दौर की राजनीति के बारे में बहुत कुछ कहता है।

आज चुनाव से पहले किसी नेता की स्वीकार्यता पर बात होती है तो सबसे पहले जातीय गणित, बूथ के आंकड़े, पिछले चुनाव का वोट प्रतिशत और संभावित गठबंधन सामने आते हैं। तब भी जाति थी, गुट थे, संगठन थे और चुनावी गणित था। लेकिन उसके साथ एक दूसरी चीज भी थी, जिसे आंकड़ों में पकड़ना मुश्किल है, वह है व्यक्तिगत भरोसा।

चंद्रशेखर की ताकत सिर्फ यह नहीं थी कि वे बलिया से बार-बार चुनाव जीतते रहे। उनकी ताकत यह भी थी कि उनका विरोध करने वाला व्यक्ति भी उनसे व्यक्तिगत बातचीत कर सकता था। जनेश्वर मिश्र उनके राजनीतिक विरोधी थे, लेकिन उनके कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और आने-जाने की चिंता करने में चंद्रशेखर को कोई राजनीतिक नुकसान दिखाई नहीं देता था।

शायद इसी वजह से बलिया में उनके चुनाव को लेकर एक अलग किस्म का माहौल बनता था। वे सभा करते थे, अपनी बात रखते थे, लेकिन अपने लिए वोट मांगने के लिए घर-घर घूमने की शैली उनके साथ नहीं जुड़ी। वोट मांगने का काम उनके कार्यकर्ता करते थे। कई बार लोग कहते थे कि चंद्रशेखर की अपनी एक ऐसी राजनीतिक पूंजी बन चुकी थी, जिसके सहारे चुनाव में उनके आने से पहले ही उनके पक्ष में माहौल बन जाता था।

हालांकि यह मान लेना भी ठीक नहीं होगा कि उनकी लोकप्रियता अजेय थी। 1984 में बलिया ने इसका दूसरा चेहरा दिखाया। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद देशभर में कांग्रेस के पक्ष में सहानुभूति की लहर थी। चंद्रशेखर उस लहर को नहीं रोक सके और चुनाव हार गए। यानी व्यक्तिगत स्वीकार्यता भी हमेशा राजनीतिक हवा से बड़ी नहीं होती। यही वह बात है जो आज के चुनावी मौसम में इस पुराने किस्से को फिर से दिलचस्प बनाती है।

चार महीने पहले किसी नेता को लेकर बहुत उत्साह दिखाई दे सकता है। किसी इलाके में उसके समर्थक दावा कर सकते हैं कि इस बार माहौल उसके पक्ष में है। दूसरी तरफ विरोधी खेमा कह सकता है कि जमीन पर कुछ नहीं है। बीच में टिकट को लेकर खबरें चलती रहती हैं, गठबंधन को लेकर अटकलें लगती रहती हैं और सोशल मीडिया उन अटकलों को कई गुना तेज कर देता है। लेकिन चुनाव आने पर इन सबकी असली परीक्षा एक ही जगह होती है मतदाता के पास।

चंद्रशेखर के समय सोशल मीडिया नहीं था। न हर घंटे चुनावी सर्वे आते थे और न ही मोबाइल पर नेताओं के भाषण पहुंचते थे। फिर भी चुनाव से पहले चर्चाएं थीं, दावे थे और राजनीतिक हवा को अपने पक्ष में बताने की कोशिशें थीं। फर्क इतना था कि उस समय नेता की स्वीकार्यता को परखने का एक तरीका यह भी था कि आधी रात को सभा शुरू हो तो लोग कितनी देर तक बैठे रहते हैं।

इलाहाबाद की उस रात हजारों लोगों ने रात के एक बजे तक इंतजार किया था। बलिया में एक दूसरे चुनाव के दौरान एक नेता अपने विरोधी के कार्यकर्ताओं के लिए गाड़ी भेजने की चिंता कर रहा था।

इन दोनों तस्वीरों के बीच पूर्वांचल की राजनीति का एक पुराना चेहरा दिखाई देता है। चुनाव केवल पार्टी, जाति और उम्मीदवार का हिसाब नहीं था। उसमें नेता का अपना व्यवहार भी राजनीतिक पूंजी बनता था।

आज जब चुनाव से महीनों पहले ही यह सवाल पूछा जाने लगा है कि पूर्वांचल में किस नेता की कितनी स्वीकार्यता है, तब शायद पुराने चुनावों की तरफ एक बार देखना जरूरी है। क्योंकि भीड़ जुटा लेना और लोगों के मन में जगह बना लेना दो अलग चीजें हैं। और चुनाव में आखिरकार जीत उसी दूसरी चीज की होती है।

यह भी पढ़ें: बलिया के एक चुनाव से क्यों बेचैन हुए नेहरू? | मैं उत्तर प्रदेश हूं

कभी-कभी किसी छोटे चुनाव की कहानी उसके नतीजे से ज्यादा इस बात में छिपी होती है कि उसकी शिकायत आखिर कहां तक पहुंची। नवंबर 1963 में बलिया जिला परिषद के अध्यक्ष का चुनाव ऐसा ही एक चुनाव था। चुनाव बलिया में हुआ, लेकिन उसकी चर्चा लखनऊ से होती हुई दिल्ली पहुंची। कांग्रेस के केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने इस पर नाराजगी जताई और प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के सामने भी मामला पहुंचा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक