Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में आलू किसानों की हालत को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब यूपी सरकार 650 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू की खरीद करेगी। सरकार पहले चरण में फर्रुखाबाद, कौशांबी, उन्नाव, मैनपुरी, एटा, कासगंज और बरेली जिलों में आलू क्रय केंद्र स्थापित कर आलू की खरीद करने के निर्देश दिए हैं।
कोल्ड स्टोरेज के बाहर रातें बिता रहे किसान: अखिलेश यादव
योगी सरकार के इस ऐलान के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य की योगी सरकार पर तंज कसा है। अखिलेश ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘भाजपा सरकार में उप्र के आलू उत्पादक किसानों की समस्याएं: आलू की लागत का लगातार बढ़ते जाना। कम दाम मिलने से लागत निकालना भी मुश्किल। भंडारण के लिए टोकन मिलना, कोल्ड स्टोरेज के बाहर रातें बिताना। MSP की मांग का भाजपा सरकार द्वारा लगातार ठुकराना। अबकी बार आलू बदलेगी सरकार!
1500 रुपये प्रति पैकेट खरीद करे सरकार: शिवपाल यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘सरकार का 650 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू खरीदने का फरमान…नाकाफी है श्रीमान! 2500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बीज खरीदने वाले किसान के लिए यह समर्थन मूल्य मजाक है। सरकार को न्यूनतम 1500 रुपए प्रति पैकेट की दर से आलू की खरीद करनी चाहिए। कम से कम लागत तो दे दो सरकार…! इससे पहले भी शिवपाल ने आलू की खरीद को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा था। सोमवार (6 मार्च) को उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था कि आलू खरीद लो सरकार! अन्नदाता कब तक कतार में रहेगा। अच्छे दिन के इंतजार में आलू किसान कब तक बेहाल रहेगा।
‘अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए’
शिवपाल यादव ने शुक्रवार (10 मार्च) को इटावा में एक कार्यक्रम के दौरान योगी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। ऊपर से लेकर नीचे तक सभी जगह भ्रष्टाचार है। इतनी भ्रष्टाचारी सरकार कभी नहीं देखी। प्रशासनिक अधिकारी भी भ्रष्टाचार करने में जुटे हुए हैं। न्यायपालिका में भी भ्रष्टाचार घुस गया है। सपा महासचिव ने कहा कि हमने 50 साल पहले तक का समय देखा है। जब आईएएस, आईपीसीएस अधिकारी झूठ नहीं बोलते थे, लेकिन अब तो अधिकारियों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।