उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के पीपर गांव में सोमवार को मामूली विवाद के बाद ग्राम प्रधान के बेटे ने चौकीदार पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। 80 फीसदी झुलस जाने के बाद चौकीदार 55 वर्षीय जैसलाल सरोज को गंभीर हालत में वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई
पुलिस ने मामले में हत्या व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोमवार सुबह पीपर गांव में चौकीदार जैसलाल सरोज गांव में लगे एक हैंडपंप के खराब होने पर उसका पाइप बदलवाने के लिए प्रधान रामनाथ यादव के घर गया था। इस बीच वहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
इस पर मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान रामनाथ यादव का बेटा कमलेश यादव घर के अंदर गया और पेट्रोल लेकर आया। पहले उसने जैसलाल सरोज पर पेट्रोल छिड़का और उसके बाद आग लगा दी।
प्राथमिकी में हत्या की धारा जोड़ दी गई
सरोज को जलता देख कुछ गांव वालों ने कंबल डालकर किसी तरह आग बुझाई और उसे तत्काल महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल, ज्ञानपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मांगलिक ने बताया कि सरोज के भाई बाबूलाल की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में हत्या की धारा जोड़ दी गई है।साथ ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा भी लगाई गई है।
मांगलिक ने कहा कि आरोपी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि भारी तनाव को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस शव के पोस्टमार्टम कराने सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई में जुटी है और क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर द्वारा पूरे प्रकरण की विवेचना की जा रही है।गांव में भारी तनाव को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: 55 की उम्र में सातवीं बार दूल्हा बनने की तैयारी, शादी रोकने की गुहार लेकर थाने पहुंचा नाबालिग बेटा
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के अहरौला थाना की पुलिस तब दंग रह गई जब एक नाबालिग बेटा अपने पिता की शादी रुकवाने की गुहार लगाने उनके पास पहुंचा। 55 साल की उम्र में सातवीं कर बार शादी पर रहे अपने पिता की शादी रुकवाने के लिए किशोर ने पुलिस से मदद मांगी। किशोर उक्त शख्स की तीसरी पत्नी का बच्चा है। पूरी खबर पढ़ें…
