Tundla Assembly Seat: फिरोजाबाद जिले को समाजवादी पार्टी का गढ़ कहा जाता है। यादव और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या ज्यादा होने के बाद भी साल 2014 की मोदी लहर में यहां सपा ने जीत दर्ज की थी। हालांकि इस जिले की एक विधानसभा सीट ऐसी है, जहां सपा आखिरी बार साल 2002 में मामूली अंतर से चुनाव जीती थी। हम बात कर रहे फिरोजाबाद जिले की टूंडला विधानसभा सीट की, जहां आखिरी चार विधानसभा चुनावों में सपा को हार का मुंह देखना पड़ा है।

टूंडला विधानसभा सीट पर बीते दो विधानसभा चुनावों में बीजेपी के प्रत्याशियों ने अच्छे मार्जिन से जीत दर्ज की है, जबकि साल 2012 और साल 2007 में यहां बसपा के राकेश बाबू ने जीत हासिल की थी। 90 के दशक की शुरुआत के बाद सपा यहां सिर्फ दो विधानसभा चुनाव जीती है, इन दोनों चुनावों में मुकाबला बेहद नजदीकी रहा। आइए नजर डालते हैं टूंडला विधानसभा सीट पर हुए पिछले तीन चुनाव के परिणामों पर…

टूंडला विधानसभा चुनाव परिणाम 2022

टूंडला विधानसभा सीट के मौजूदा विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर हैं। उन्होंने पिछले चुनाव में 1,22,881 वोट हासिल कर सपा के राकेश बाबू को चुनाव हराया। राकेश बाबू को इस चुनाव में 75,190 जबकि बसपा के अमर सिंह को 40,977 वोट हासिल हुए। इस सीट पर चौथे नंबर पर वीआईपी पार्टी के यतेंद्र कुमार (2168 वोट) जबकि पांचवे स्थान पर कांग्रेस की योगेश दिवाकर (1949 वोट) रहीं। 

क्रमप्रत्याशीपार्टीवोट
1प्रेमपाल सिंह धनगरबीजेपी1,22,881
2राकेश बाबूसपा75,190
3अमर सिंहबसपा40,977
4यतेंद्र कुमारवीआईपी2168
5योगेश दिवाकरकांग्रेस1949

टूंडला विधानसभा चुनाव परिणाम 2017

आगरा लोकसभा सीट के मौजूदा सांसद सत्यपाल सिंह बघेल ने साल 2017 में बीजेपी के टिकट पर टूंडला विधानसभा चुनाव जीता था। उन्हें 1,18,584 वोट मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे बसपा के राकेश बाबू को 62,514 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में सपा के प्रत्याशी शिव सिंह चक को 54,888 वोट मिले और वो तीसरे स्थान पर रहे।

क्रमप्रत्याशीपार्टीवोट
1सत्यपाल सिंह बघेलबीजेपी1,18,584
2राकेश बाबूबसपा62,514
3शिव सिंह चकसपा54,888

टूंडला विधानसभा चुनाव परिणाम 2012

बसपा के राकेश बाबू ने साल 2012 में टूंडला विधानसभा सीट पर चुनाव जीता था। उन्हें 67,949 वोट मिले और उन्होंने 60,003 वोट हासिल करने वाले सपा के अखलेश कुमार को हराया। इस चुनाव में तीसरे नंबर पर बीजेपी के शिव सिंह चक रहे, उन्हें 58,536 वोट मिले जबकि चौथे स्थान पर रहने वाले रालोद के ओम प्रकाश दिवाकर को 7313 वोटों से संतोष करना पड़ा। राकेश बाबू साल 2007 में बसपा के टिकट पर टूंडला विधानसभा चुनाव जीते थे।

क्रमप्रत्याशीपार्टीवोट
1राकेश बाबूबसपा67,949
2अखलेश कुमारसपा60,003
3शिव सिंह चकबीजेपी58,536
4ओम प्रकाश दिवाकररालोद7,313

टूंडला का सामाजिक समीकरण

टूंडला विधानसभा सीट पर बघेल और जाटव मतदाता लगभग बराबर हैं। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टूंडला में बघेल और जाटव मतदाता 60-60 हजार से कुछ ज्यादा हैं। यहां क्षत्रिय जाति के करीब चालीस हजार वोटर हैं, लगभग इतनी ही संख्या यादव मतदाताओं की है। टूंडला विधानसभा में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या करीब 15000 और कुशवाहा वोटर 18000 के आसपास हैं।

यह भी पढ़ें: पिछले तीन चुनावों में दो दिग्गजों के बीच ही हुआ मुख्य मुकाबला, एक ने हर बार बदली पार्टी, एक को इस बार हैट्रिक की उम्मीद

गाजियाबाद जिले में आने वाली साहिबाबाद विधानसभा सीट पर अब तक तीन बार विधानसभा चुनाव हुआ है। इन चुनावों में पहले में बीएसपी प्रत्याशी जबकि बीते दो चुनावों में बीजेपी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें।