scorecardresearch

Uttar Pradesh: पति ने पत्नी पर लगाया जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप, प्रेम विवाह के बाद मुस्लिम महिला ने बनाया इस्लाम अपनाने का दबाव

अलीगढ़ में शादी के बाद 3 महीने बाद से अजय और मुस्कान साथ रह रहे थे। इसी दौरान महिला अपने परिजनों के साथ मिलकर युवक पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगी। पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

KARNATAKA, MURDER CONVICT, MARRIGE,
तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है (सोर्स- इंडियन एक्सप्रेस)

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जबरन धर्म परिवर्तन कराने का एक मामला सामने आया है। मुस्लिम महिला और उसके परिजनों द्वारा महिला के हिंदू पति पर जबरन धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। कुछ महीने पहले ही एक मुस्लिम महिला से शादी करने वाले 26 वर्षीय हिंदू व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदारों पर इस्लाम अपनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया।

प्रेम विवाह के बाद पत्नी बनाने लगी इस्लाम अपनाने का दबाव

तहसील अकराबाद के गांव फरीदपुर के रहने वाले अजय सिंह ने 3 महीने पहले यूनुस सलीम की बेटी मुस्कान से प्रेम विवाह किया था। जिसके बाद अब मुस्कान द्वारा अपने पति अजय और उसके परिजनों पर धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है। अलीगढ़ पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में अजय ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने उसे सुसाइड करने की धमकी दी और धर्म परिवर्तन नहीं करने पर उसका इल्जाम अजय पर लगाने की धमकी दी।

पत्नी और उसके परिवार के 4 सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज

अलीगढ़ पुलिस ने बुधवार को अजय कुमार सिंह की शिकायत के आधार पर मुस्कान, उसकी मां शहंशाह, पिता यूनुस अली, भाई फुरकान अली और बहनोई सुहेल खान के खिलाफ मामला दर्ज किया। मामले की जानकारी देते हुए अलीगढ़ में बरला के पुलिस उपाधीक्षक सरजना सिंह ने कहा, “अजय की पत्नी और उनके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। हम आरोपों की जांच कर रहे हैं। शिकायत में किए गए दावों के सही होने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस के मुताबिक अजय ने सबसे पहले करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान से संपर्क किया था जो उसे सरजना सिंह के पास ले गए।

नवरात्रि में मांस नहीं पकाने को लेकर विवाद

ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, अजय कुमार सिंह ने उन्हें बताया कि घर में मीट पकाने को लेकर 26 मार्च को उनकी और मुस्कान की जमकर लड़ाई हुई थी। अजय ने अपनी पत्नी से चैत्र नवरात्रि के दिनों में मांस नहीं पकाने को कहा था। करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौहान ने कहा, “आदमी डरा हुआ है और हम उसके बचाव में आएंगे क्योंकि हम एक हिंदू को इस्लाम अपनाने की इजाजत नहीं दे सकते हैं, अगर वह धर्म बदलने को तैयार नहीं है।”

सर्जना सिंह ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि अलीगढ़ पुलिस ने धारा 295 (किसी भी वर्ग द्वारा पूजा या किसी पवित्र वस्तु को नुकसान पहुंचाना या उसे अपवित्र करना), 295A (किसी भी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से जानबूझकर किया गया दुर्भावनापूर्ण कार्य), 298 ( जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि मैंने कपल को कॉल किया है और उनके बीच सुलह कराने की कोशिश करूंगा।

मुस्कान के परिवार ने अजय के खिलाफ किया था अपहरण और जबरन शादी का केस

डिप्टी एसपी सरजना सिंह ने कहा कि अगर महिला और उसके परिवार के सदस्य धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाते रहे तो पुलिस कार्रवाई करेगी। दिसंबर 2022 में दोनों की शादी होने के बाद मुस्कान के परिवार ने अकबराबाद थाने में अजय सिंह के खिलाफ अपहरण और जबरन शादी का मामला दर्ज कराया था। लेकिन मुस्कान ने कोर्ट को बताया कि उसने उससे अपनी मर्जी से शादी की है जिसके बाद कोर्ट ने केस खारिज कर दिया था।

पढें राज्य (Rajya News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 30-03-2023 at 14:45 IST