उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक महिला कांस्टेबल के परिवार ने दावा किया है कि उनकी बेटी की शादी से ठीक पहले हिस्ट्रीशीटर ने उसका अपहरण कर लिया। बाद में महिला ने कहा कि वह अपनी मर्जी से गई है। यह घटना मेरठ के बहसूमा क्षेत्र की है। महिला कांस्टेबल संध्या भारद्वाज (25 साल) का अलीगढ़ के बन्ना देवी थाने में तैनात सिपाही अतुल शर्मा से रिश्ता तय हुआ था।
हिस्ट्रीशीटर ने कांस्टेबल का किया अपहरण
अतुल शर्मा मुजफ्फरनगर जनपद के मीरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वहीं संध्या भारद्वाज अलीगढ़ के साइबर क्राइम थाने में ही तैनात हैं। महिला कांस्टेबल की शादी होने ही वाली थी और हल्दी की रस्म पूरी हो चुकी थी। रविवार यानी 8 फरवरी 2026 को बारात आने वाली थी लेकिन कुछ घंटे पहले ही लड़की के परिवार ने दावा किया कि मवाना थाने के हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान ने उसका अपहरण कर लिया।
8 घंटे में महिला सिपाही की तलाश
लड़की के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर 8 घंटे में महिला सिपाही की तलाश कर ली। महिला सिपाही को मवाना थाने में रखा गया है। मवाना थाने के सीओ पंकज लवानिया ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कहा कि महिला कांस्टेबल ने खुद परिजनों को मोबाइल फोन पर कॉल करके कहा कि वो बालिग हूं और अपनी मर्जी से जा रही है, चिंता मत करना। 9 फरवरी को महिला कांस्टेबल का बयान दर्ज किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि महिला सिपाही और हिस्ट्रीशीटर अंकित चौहान दोनों एक दूसरे को काफी पहले से जानते हैं। पुलिस के अनुसार महिला कांस्टेबल अपनी बुआ के घर जाती थी, जहां पर उसकी अंकित से पहली बार मुलाकात हुई थी। महिला साल 2021 में यूपी पुलिस में भर्ती हुई थी।
यह भी पढ़ें: 100 रुपये का गेहूं, 45 साल पुराना चोरी का केस, पुलिस ने बुजुर्ग को किया गिरफ्तार
