उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को विधानसभा की मतदाता सूची का पंचायत और नगर निकायों की मतदाता सूची से मिलान करने का निर्देश दिया है। दरअसल, राज्य में पंचायत चुनावों की मतदाता सूची और विधानसभा की मतदाता सूची में ग्रामीण मतदाताओं की संख्या के बीच करीब 2.4 करोड़ का अंतर सामने आया है।

पंचायत चुनावों की मतदाता सूची राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) तैयार करता है, जबकि विधानसभा चुनावों की मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) करता है। पंचायत चुनावों की मतदाता सूची में विधानसभा की सूची से अधिक है।

विधानसभा मतदाता सूची में संख्या कम

मतदाता सूची में मिलान का यह काम एक जनवरी, 2027 को आधार मानकर किया जाएगा। प्रक्रिया के दौरान ऐसे पात्र लोगों की पहचान की जाएगी, जिनकी उम्र और अन्य शर्तें वोटर बनने के लिए पूरी हैं, लेकिन उनके नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। यह अभियान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत चलाया जाएगा।

चुनाव आयोग खास तौर पर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर दे रहा है। इसके लिए सरकारी राशन की दुकानों, स्कूल-कॉलेजों और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद ली जा रही है। ये संस्थाएं ऐसे लोगों की पहचान करेंगी, जो मतदाता बनने के योग्य हैं, लेकिन अब तक उनका नाम सूची में नहीं जुड़ा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद तैयार मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या असामान्य रूप से कम है। उन्होंने कहा कि आयोग की कोशिश होगी कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट न जाए।

नवदीप रिनवा ने कहा, “जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अलग-अलग सरकारी विभागों की मदद से उन पात्र महिलाओं की पहचान करें, जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। जिन महिलाओं का नाम देश के किसी भी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनसे नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।”

अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण मतदाताओं की संख्या में करीब 2.4 करोड़ का अंतर सामने आना चौंकाने वाला है। गांवों में लोगों के बीच आपसी संपर्क ज्यादा होता है, इसलिए इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं का अंतर समझ से परे है। अब आयोग इस अभियान को शहरों में भी चलाएगा। इसके लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और दूसरे सामाजिक संगठनों की मदद ली जाएगी। वे अपने इलाकों में ऐसे पात्र लोगों की पहचान करेंगे, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है।

इस काम में राज्य सरकार के कई विभागों को भी शामिल किया गया है। इनमें महिला कल्याण एवं बाल विकास और पोषण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन शामिल हैं। आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी समूह सखियों को भी पात्र महिला मतदाताओं की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई है।

चुनाव आयोग से जुड़े एक अधिकारी ने कहा, “आशा कार्यकर्ता, एएनएम और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने इलाकों में घर-घर जाती हैं। इसलिए वे ऐसी महिलाओं की पहचान करेंगी और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए उनका फॉर्म-6 भरवाने में मदद करेंगी। गांवों में महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी समूह सखियां भी इस काम में मदद करेंगी।”

उत्तर प्रदेश में 3,786 मतदान केंद्र कम हुए

चुनाव आयोग ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या घटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके बाद राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 1,77,516 से घटकर 1,73,730 रह गई है। यानी अब 3,786 मतदान केंद्र कम हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस प्रक्रिया में सभी 75 जिलों के 403 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं के मानक के आधार पर यह बदलाव किया गया है।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची का मसौदा अब इन 1,73,730 मतदान केंद्रों पर प्रकाशित किया जाएगा। इसमें 1 जनवरी 2027 को पात्रता की तारीख माना गया है।

अधिकारी ने बताया, “बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं को उनके मतदान केंद्र में हुए बदलाव की लिखित जानकारी देंगे। वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि एक परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची के एक ही हिस्से में दर्ज हों। अगर नाम या पते में कोई सुधार करना है तो इसके लिए फॉर्म-8 भरा जाएगा। स्वीकृत मतदान केंद्रों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी दी जाएगी।”

यह भी पढ़ें-चुनाव आयोग का यू-टर्न: फॉर्म 6 से हटाया SIR का वह पैरा, आयुक्त ने बताया था ‘अवैध’

चुनाव आयोग द्वारा लिए गए फैसलों में किए जा रहे बदलावों के क्रम में आयोग ने अब एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। निर्वाचन आयोग ने SIR से जुड़ी घोषणा को ऑनलाइन फॉर्म 6 से अलग कर दिया है। अब जिन राज्यों में SIR की प्रक्रिया जारी है, वहां भी नए मतदाताओं को ECINet पोर्टल पर फॉर्म 6 और SIR घोषणा अलग-अलग भरनी होगी। इससे पहले SIR से जुड़ी घोषणा फॉर्म 6 के भीतर ही शामिल थी और आवेदक के लिए उसका जवाब देना जरूरी था। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।