उत्तर प्रदेश: 10 सबसे खतरनाक अपराधियों की सूची बनाए हर पुलिस थाना, सीएम योगी ने दिया आदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर पुलिस थाने को अपने इलाके के 10 सबसे खतरनाक अपराधियों की सूची बनाने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस से ऐसे अपराधियों को सजा देने के लिए सक्रिय हो कर काम करने को कहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सभी पुलिस थानों को उनके क्षेत्र के सबसे 10 खतरनाक अपराधियों की सूची बनाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने इन अपराधियों को सजा दिलवाने के लिए सक्रिय हो कर काम करने को भी कहा। योगी ने कहा कि जब पुलिस अपराधियों को सजा दिलवाएगी तब ही लोग पुलिस में भरोसा करना शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस को न सिर्फ अपराधियों को सजा दिलवानी चाहिए बल्कि उनकी सजा के बारे में लोगों को जानकारी भी देनी चाहिए। मुख्यमंत्री रविवार को राज्य में कानून और व्यवस्था की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। योगी आदित्यनाथ ने राज्य के मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, संभल और अमरोहा जिले में विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संभावित अपराधियों की मॉनिटरिंग और स्क्रीनिंग के लिए तकनीक को अपग्रेड करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों को अपराध करने से रोकने के लिए बेहतर तकनीक का प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों की तरफ से अपराध को अंजाम देने तक का इंतजार नहीं कर सकती है। सीएम ने कहा कि अपराधियों की पहचान तेज कर उन्हें अपराध करने से रोकने पर बल देना चाहिए।
मुख्यमंत्री दो दिन के सहारनपुर और मुरादाबाद के दौरे पर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें राज्य में अपराध की दर को सबसे कम स्तर पर लाना है। इसके लिए हमें फुट पैट्रोलिंग को बढ़ाना होगा। हालांकि हमने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपराध पर अंकुश लगाने की दर में सुधार किया है लेकिन अभी और अच्छा करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को दिन में कम से कम एक घंटा जनता दरबार लगाना चाहिए। इससे आम आदमी की समस्याएं दूर हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ लोगों की समस्याओं को कम कर, हम महिलाओं के खिलाफ अपराध कम कर सकते हैं। चाहे वह ईव टीजिंग हो, दहेज के लिए होने वाली मौत हो या फिर घरेलू हिंसा व अन्य अपराध हों।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को कानून और व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा था। इसके जवाब में योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘कांग्रेस नेता कानून व्यवस्था तथा अन्य मुद्दों पर ट्वीट करके मेरी सरकार को घेरने की कोशिश कर रही हैं लेकिन दरअसल यह मामला ‘अंगूर खट्टे हैं’ का है।‘
Hindi News से जुड़े अपडेट और व्यूज लगातार हासिल करने के लिए हमारे साथ फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल के साथ लिंक्डइन पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App