उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा इलाके में एक 44 वर्षीय शख्स की कथित तौर पर उसकी पत्नी ने हत्या कर दी। फिर उसके शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया। इतना ही नहीं बचने के लिए पुलिस थाने जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। महिला करीबन 45 दिनों तक पुलिस को गुमराह करती रही।

मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस वेरीफिकेशन के लिए उसके घर पहुंची। इसके बाद महिला ने घबराकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने रूबी शर्मा का हिरासत में ले लिया है।

26 मई को दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

मृतक सुरेंद्र शर्मा अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ आगरा के दहतोरा इलाके में रहते थे। रूबी ने सिकंदरा पुलिस थान में 26 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों की शादी को लगभग 16 साल हो चुके थे।

पहले नींद की गोलियां मिलाकर खीर खिलाई फिर घोंटा गला

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन रूबी ने कथित तौर पर अपनी दो बेटियों को सुरेंद्र के बड़े भाई के घर भेज दिया और फिर पति को नींद की गोलियां मिलाई हुई खीर खिलाई। सुरेंद्र के बेहोश होने के बाद उसने कथित तौर पर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। अगले दिन सुबह उसने बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और उस पर सीमेंट से फर्श बना दिया।

अगले 45 दिनों तक रूबी ने कथित तौर पर रिश्तेदारों और पड़ोसियों को बताया कि उसका पति घर छोड़कर कहीं चला गया है और जब भी कोई उसके बारे में पूछता तो वह बहुत दुखी होने का नाटक करती थी।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

यह घटना तब सामने आई जब पुलिस की एक टीम सुरेंद्र से जुड़े एक पुराने मामले के सिलसिले में वेरीफिकेशन के लिए घर आई। अधिकारियों ने देखा कि रूबी उनके सवालों से घबराई हुई है और फिर उसने सुरेंद्र के भाई को घर बुला लिया। सुरेंद्र के भाई को पहले ही अपने भाई के लापता होने और रूबी के व्यवहार को लेकर शक था, उसने पुलिस के सामने अपनी परेशानी रखी। इसके बाद पुलिस ने रूबी से लंबी पूछताछ शुरू कर दी।

इसी दौरान रूबी टूट गई और कथित तौर पर हत्या का जुर्म कबूल कर लिया और शव को दफनाने की जगह का खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बाथरूम का फर्श तोड़कर सुरेंद्र के शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमॉर्टम से लिए भेज दिया।

आगे की कार्रवाई की जा रही है- एसीपी अमीशा

मामले को लेकर आगे हरिपरवत सर्कल की एसीपी अमीशा ने बताया कि सुरेंद्र के लापता होने की रिपोर्ट 26 मई को दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उसके पत्नी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी थी और उसके शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफन कर दिया था।

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके पूछताछ की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: जिपलाइन टूटी, परिवार के सामने 16 साल के बेटे की मौत, गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश के आगरा चौपाटी पर जिपलाइन राइड के दौरान एक 16 साल का लड़का 45 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुली लॉक टूट गया, जिसके कारण ये हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि कुणाल अग्रवाल के जिपलाइन शुरू करने के कुछ ही देर बाद ज़िपलाइन में खराबी आ गई, जिससे वह शुरुआती पॉइंट से मुश्किल से 10 फीट दूर गिर गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें