उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वह आने वाला 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही धनंजय सिंह ने कहा कि अब जेडीयू से उनका नाता खत्म हो चुका है। धनंजय सिंह उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज में एक रामकथा में शामिल हुए। यहीं पर पत्रकारों ने उनसे विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल किया था।

धनंजय सिंह ने कहा कि राजनीतिक व्यक्ति आखिर चुनाव नहीं लड़ेगा? उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगे। धनंजय सिंह ने कहा कि चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है और आज की तारीख में हम जेडीयू में नहीं है। उन्होंने कहा कि अगला चुनाव किसी पार्टी से नहीं बल्कि निर्दलीय लड़ेंगे।

किस सीट से लड़ेंगे चुनाव?

धनंजय सिंह लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों का समर्थन करते रहे हैं और केंद्र सरकार का भी उन्होंने कई बार समर्थन किया है। धनंजय सिंह उत्तर प्रदेश की रारी विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुके हैं। अब इस सीट का नाम मलहनी हो गया है। माना जाता है वह इसी सीट से अगला चुनाव निर्दलीय लड़ सकते हैं।

कोर्ट ने सुनाई है सजा

2024 में जौनपुर की एमपी एमएलए कोर्ट ने धनंजय सिंह को एक मामले में 7 साल की सजा सुनाई थी। ऐसे में 2027 में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उनके फैसले पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। इसको लेकर मीडिया ने उनसे सवाल भी पूछा। इसके जवाब में धनंजय सिंह ने कहा कि मामला अभी लंबित है और सुनवाई चल रही है लेकिन चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है। दरअसल धनंजय सिंह के चुनाव लड़ने का फैसला अदालत की कार्यवाही से ही तय हो पाएगा।

धनंजय सिंह का राजनीतिक करियर कैसा रहा है?

धनंजय सिंह पहली बार 2002 के विधानसभा चुनाव में रारी विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक बने थे। इसके बाद 2007 में भी जेडीयू के टिकट पर इस सीट से जीत दर्ज की थी। 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीएसपी का दामन थाम लिया था और उत्तर प्रदेश में मायावती मुख्यमंत्री थीं। 2009 में धनंजय सिंह ने जौनपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि 2012 के विधानसभा चुनाव में धनंजय सिंह ने मलहनी विधानसभा से अपनी पत्नी को उम्मीदवार के तौर पर उतरा था और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव और 2020 के मलहनी विधानसभा उपचुनाव में वह निर्दलीय उतरे थे और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें- ‘हम CM तभी बनते हैं, जब विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ते…’, अखिलेश यादव ने वाराणसी में कहा- हमें शुभ-अशुभ समय का ज्ञान

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। वाराणसी में अखिलेश यादव पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनसे कहा गया कि वाराणसी की ही किसी सीट से लड़ लीजिए। इसके जवाब में अखिलेश यादव ने पुराने रिकॉर्ड का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री तभी बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं, इसलिए शुभ काम करेंगे। पढ़ें पूरी खबर।