उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में देर रात आए आंधी-तूफान के कारण बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिरने से छह मजदूरों की मौत हो गई। गुरुवार देर रात बेतवा नदी पर बन रहे एक पुल का हिस्सा अचानक ढह गया, जिसके नीचे कई मजदूर दब गए।

समय रहते कुछ मजदूरों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक छह लोग अपनी जान गंवा चुके थे। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों के लिए पांच लाख रुपये की सहायता राशि का ऐलान किया है, वहीं घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

लगातार गिर रहे ब्रिज

यह पहली बार नहीं है जब कोई निर्माणाधीन पुल इस तरह ताश के पत्तों की तरह ढह गया हो। कुछ समय पहले बिहार के भागलपुर से भी ऐसी ही तस्वीर सामने आई थी। तब गंगा नदी पर बना निर्माणाधीन विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा टूटकर गिर गया था। उस हादसे में किसी की जान नहीं गई थी, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

इसी महीने की शुरुआत में जम्मू जिले के बंतलाब इलाके में भी एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिर गया था। उस हादसे में भी कई मजदूरों की मौत हुई थी, जबकि कुछ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

यूपी में आंधी-तूफान

फिलहाल उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश देखने को मिली। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज हवाओं और खराब मौसम ने कई जगह नुकसान भी पहुंचाया। पेड़ गिरने और ढांचागत क्षति की घटनाएं भी सामने आई हैं।

ये भी पढ़ें- TCS मामले में 1500 पन्नों की चार्जशीट