यूपी में हुई भारी बारिश के बाद गाजियाबाद के सर्वोदय नगर की संकरी गलियों में पानी भर गया जिसमें डूबने से गुरुवार को एक तीन साल की बच्ची की मौत हो गयी। गली में बारिश का पानी लगभग तीन फीट की गहराई तक जमा हो गया था। पानी में डूबी बच्ची मानवी को बाहर निकाला गया और तुरंत दो अस्पतालों में ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
लड़की के चाचा शोभित कुमार ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “कल रात से बारिश हो रही थी और पूरे घर में पानी भर गया था। पानी उतरने के बाद बच्ची की मां खुशबू कमरा साफ कर रही थी। मानवी किसी तरह बाहर निकल पाई। वह शायद गली में चली गई होगी। थोड़ी देर बाद खुशबू ने देखा कि बाहर जमा हुए बारिश के पानी में से एक छोटा सा हाथ बाहर निकला हुआ है।”
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद शहर से आया यह परिवार लगभग 6 साल पहले रोजगार की तलाश में गाजियाबाद आया था। खुशबू गृहिणी हैं जबकि उनके पति सब्जी विक्रेता हैं। मानवी की मां खुशबू अपने आस पास बैठी महिलाओं से चिल्लाकर पूछ रही है, “मेरी लड़की कहां गई?” मानवी के पिता अभी भी अस्पताल में थे और उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे थे। वह दंपति की सबसे छोटी संतान थी।
सर्वोदय नगर में बारिश के बाद करीब 2-3 फीट पानी जमा हो गया था
सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली गाजियाबाद) उपासना पांडे ने बताया कि सर्वोदय नगर में भारी बारिश के बाद करीब 2-3 फीट पानी जमा हो गया था। उन्होंने कहा, “दोपहर के आसपास लड़की बारिश के पानी में डूब गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।” भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, गुरुवार को गाजियाबाद के हिंडन में 28.5 मिमी और कमला नेहरू नगर में 31.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
निवासियों का कहना है कि हर साल उनके घरों में पानी भर जाता
कुछ ही घरों की दूरी पर रहने वाले अनिल शर्मा ने आरोप लगाया कि लगभग तीन साल पहले एक लड़का साइकिल चलाते हुए नाले में गिर गया था। उसका शव 25 घंटे बाद 1.5 किलोमीटर दूर से बरामद किया गया था। उन्होंने कहा, “हर साल हमारे घरों में लगभग तीन फीट पानी भर जाता है। हमारे दरवाजे, सोफे, अलमारियां और यहां तक कि फर्श भी खराब हो जाते हैं।” हालांकि नालियां मौजूद हैं लेकिन उनका दावा है कि आसपास के इलाकों से पानी यहां बहकर आता है।
अनिल ने कहा, “नाली टूटी है और कोई चारदीवारी नहीं है इसलिए आसपास के इलाकों से पानी सर्वोदय नगर में घुस जाता है।” उन्होंने पिछले कई सालों से बार-बार शिकायतें मिलने के बावजूद प्रशासन की कथित निष्क्रियता पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “हमने कई प्रशासनिक अधिकारियों और पार्षद समेत हर स्तर पर शिकायतें दर्ज कराई हैं। हमारे पास 2012 से लेकर अब तक के आरटीआई आवेदनों और दस्तावेजों की एक मोटी फाइल है लेकिन कुछ नहीं किया गया। हर साल यही कहानी दोहराई जाती है।”
यह भी पढ़ें: दिल्ली-गाजियाबाद और नोएडा में आज भी बारिश होगी?
दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून की दस्तक के साथ ही मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। पिछले लगभग दो दिनों से राजधानी दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून की वजह से अभी राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के शहरों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम को देखते हुए ही गाजियाबाद में डीएम के आदेश पर 10 जुलाई को स्कूल बंद रहेंगे। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
