उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक कोडर गांव के कुछ लोग चुली गांव में आयोजित भंडारे से लौट रहे थे और एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में हिमांशी (23) और शालिनी (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रश्मी (14) और आसमा (22) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

इस दुर्घटना में रिया पटेल (14), प्रिया पटेल (12), साधना (9), मीना (22) और रेशमा (14) घायल हुई हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।

पढ़ें- खेलने गईं थी 5 लड़कियां, 4 की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

रायबरेली: चार युवतियों ने गंवाई जान और चार घायल

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और चार अन्य घायल हुए हैं।

निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे के मार्च में लोकार्पण की तैयारी

निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे के मार्च में लोकार्पण की तैयारी है लेकिन लोगों ने अभी से आवागमन शुरू कर दिया है। अभी एक्सप्रेसवे आवागमन के लिए नहीं खोला गया है। इसके बावजूद इससे वाहन फर्राटा भरने लगे हैं। यही नहीं, आसपास के ग्रामीण भी उत्सुकता में इससे पैदल सफर कर रहे हैं। इसी का नतीजा है कि एक्सप्रेसवे पर रविवार को बड़ा हादसा हुआ।

गंगा एक्सप्रेसवे अपने निर्माण के आखिरी चरण में है । मेरठ से प्रयागराज जाने वाले एक्सप्रेसवे की लंबाई 594 है। एक्सप्रेसवे पर पैदल चलने के लिए किनारे सर्विस रोड का निर्माण हुआ है। इसके बावजूद लोग एक्सप्रेसवे से ही होकर गुजर रहे हैं। इस लापरवाही से ही अक्सर हादसे हो रहे हैं।

पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे 2027 तक होगा पूरा