UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत को लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने चौंकाने वाला बयान दिया है। मिर्जापुर के प्रसिद्ध विंध्याचल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे तेज प्रताप ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर सत्ता में वापसी करेंगे और प्रदेश में बीजेपी सरकार की हैट्रिक लगेगी।
वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां पहले से ही तेज हैं। ऐसे में विपक्षी पृष्ठभूमि से आने वाले एक नेता द्वारा योगी सरकार की वापसी का अनुमान जताना बेहद अहम माना जा रहा है। मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की स्थिति को बेहद मजबूत बताया।
बीजेपी से गठबंधन के सवाल पर दिया सकारात्मक संकेत
विंध्याचल में मीडियाकर्मियों ने जब तेज प्रताप यादव से बीजेपी के साथ भविष्य में संभावित गठबंधन को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने बेहद दिलचस्प जवाब दिया। तेज प्रताप ने मुस्कुराते हुए कहा, “अगर मां की कृपा रही तो गठबंधन जरूर होगा।”
उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है और माना जा रहा है कि वे भविष्य में एनडीए (NDA) का हिस्सा बनने की राह तलाश रहे हैं। इसीलिए उन्होंने खुलकर बीजेपी और सीएम योगी तारीफ की है।
अखिलेश का समर्थन करने से इनकार
इस दौरान तेज प्रताप यादव ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर भी अपनी स्थिति साफ की। अमूमन लालू परिवार और मुलायम परिवार के बीच नजदीकी रिश्ते देखे जाते हैं, लेकिन तेज प्रताप ने इससे उलट रुख अपनाते अखिलेश को झटका दिया है।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह अखिलेश यादव का बिल्कुल भी समर्थन नहीं करते हैं। उनके इस बयान से यूपी में विपक्षी एकजुटता को एक बड़ा झटका लगा है।
नीतीश कुमार पर कसा तंज
उत्तर प्रदेश के साथ-साथ तेज प्रताप यादव ने बिहार की राजनीति पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार का पहले से ही दिल्ली जाने का कार्यक्रम तय था। हालांकि, वह दिल्ली किसके चक्कर में और क्यों गए, यह बात अभी भी एक बड़ा राज बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: ‘बेटियों से छेड़खानी की तो अगले चौराहे पर यमराज टिकट काटेंगे’, सीएम योगी की चेतावनी, बोले- यूपी में गुंडे पलायन कर गए
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सीएम ने कहा कि अब यूपी में बेटियां सुरक्षित हैं और कोई उनकी सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब माफिया और गुंडाराज की पहचान से बाहर निकल चुका है। मुख्यमंत्री ने सख्त अंदाज में कहा कि प्रदेश में माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और गुंडे पलायन कर गए हैं। पढ़िए पूरी खबर…
