UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसी बीच राज्य के प्रमुख नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया है। चुनावों के दौरान नेताओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने कमर कस ली है। इसके तहत 52 वरिष्ठ नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट दी जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए राज्य के 52 प्रमुख नेताओं को विशेष बुलेट प्रूफ जैकेट मुहैया कराई गई हैं। इस सुरक्षा सूची में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती का नाम प्रमुखता से शामिल है।

11 मंत्रियों को भी सुरक्षा

यूपी की सियासत में शीर्ष नेताओं के अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के 11 प्रमुख मंत्रियों को भी यह सुरक्षा जैकेट प्रदान की गई है। इनमें कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता नंदी और ओम प्रकाश राजभर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव को भी सुरक्षा घेरे में लाते हुए इस सूची में रखा गया है।

10 लाख रुपये है एक जैकेट की कीमत

सुरक्षा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इन बुलेटप्रूफ जैकेटों की गुणवत्ता और तकनीक बेहद उन्नत है। एक सिंगल बुलेटप्रूफ जैकेट की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। नेताओं तक यह सुरक्षा उपकरण पहुंचाने का काम दो अलग-अलग चरणों में पूरा किया गया।

पहले चरण में सबसे ज्यादा संवेदनशील माने जाने वाले 8 वरिष्ठ नेताओं को यह जैकेट दी गई थी। इसके बाद दूसरे चरण की प्रक्रिया में 44 अन्य नेताओं को भी सुरक्षा जैकेट उपलब्ध करा दी गई।

सूची में कई अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल

सुरक्षा एजेंसियों की इस विशेष सूची में केवल सरकार के मंत्री ही नहीं, बल्कि संगठन के कई वरिष्ठ चेहरे भी शामिल हैं। भाजपा के दिग्गज नेता स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और महेंद्र सिंह सहित कई अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधियों को भी इस व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है।

इसके अलावा, चुनाव के माहौल को देखते हुए राज्य के करीब 98 नेताओं और अन्य प्रमुख हस्तियों को अलग-अलग श्रेणियों (जैसे X, Y, Z श्रेणी) की सुरक्षा मुहैया कराने की भी तैयारी है।

2027 चुनाव को लेकर कस रही कमर

राज्य में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपना प्रचार और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। ऐसे में सार्वजनिक सभाओं और रैलियों के दौरान नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता बन गया है।

बीजेपी ने सौंपी कमान, विनोद तावड़े बने चुनाव प्रभारी

चुनावी रणनीति के मोर्चे पर भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने कदम तेजी से आगे बढ़ाए हैं। पार्टी ने अपने राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। तावड़े एक अनुभवी संगठनात्मक नेता माने जाते हैं, और उनके आने से पार्टी को चुनाव प्रबंधन में बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें – जातिगत जनगणना: ‘ओबीसी कॉलम’ हटाने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, यूपी में अभियान चलाने का ऐलान

जातिगत जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी एक बार फिर सत्ताधारी बीजेपी के खिलाफ आक्रामक हो गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विंग के अध्यक्ष अनिल जय हिंद ने कहा कि केंद्र सरकार ने जाति जनगणना से ओबीसी के लिए एक अलग कॉलम को हटाकर ओबीसी और पिछड़े समुदायों के साथ विश्वासघात किया है। पढ़िए पूरी खबर…