उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में फरार चल रहे एकमात्र आरोपी शकील को शुक्रवार रात को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले शकील पर घोषित इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया था।

मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि शुक्रवार रात्रि लगभग नौ बजे मंझनपुर थाना पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने सूचना मिलने पर इनामी वांछित आरोपी शकील की घेराबंदी की।

सीओ ने बताया कि तभी सामने से मोटरसाइकिल पर आता हुआ एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने अपने आप को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

सीओ ने क्या बताया?

सीओ ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम शकील निवासी ग्राम मोहम्मदपुर थाना पिपरी जनपद कौशांबी बताया है। उसके कब्जे से एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस तथा एक बाइक बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि शकील को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले, कौशांबी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यनारायण प्रजापत ने बताया था कि फरार चल रहे आरोपी शकील की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई है।

14 लोगों की हुई थी मौत

31 अगस्त को मंझनपुर क्षेत्र के मनौरी कस्बे में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में फैक्ट्री के मालिक एवं संचालक नौशाद समेत छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नौशाद, उसकी पत्नी कहकशां बानो, बेटे आदिल तथा शकील की पत्नी शबाना और बेटी सायना को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। शबाना और सायना को विस्फोट वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। नौशाद को एक सितंबर को चरवा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

प्रशासन ने चलाया था बुलडोजर

विस्फोट के बाद प्रशासन ने बुलडोजर से महमूदपुर में नौशाद के तीन मंजिला मकान और उसकी पटाखा फैक्ट्री के एक गोदाम को ध्वस्त कर दिया था। पुलिस के अनुसार, मूरतगंज बाजार स्थित उसका एक अन्य गोदाम भी गिरा दिया गया।

यह भी पढ़ें- ‘पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गलत जानकारी फैलाने और उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया। अजय राय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन्होंने अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम में मछली की दावत में शामिल होकर मछली खाई थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।