यूपी के कासगंज में एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार को दो सीट वाला एक प्रशिक्षण विमान एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला यह विमान कासगंज जिला मुख्यालय क्षेत्र में पुलिस लाइंस के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि जमीन पर गिरने से पहले विमान एक हाई-टेंशन तार से टकरा गया था।

वहीं, दिल्ली स्थित नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कासगंज में दुर्घटनाग्रस्त हुए ट्रेनिंग विमान में सवार महिला ट्रेनी पायलट सुरक्षित हैं और घटना की जांच की जा रही है। महानिदेशालय ने एक बयान में बताया, ”अलीगढ़ में उड़ान प्रशिक्षण में लगा चेतक एविएशन सेसना 152 विमान वीटी-एएफबी (Chetak Aviation Cessna 152 aircraft VT-AFB) कासगंज के एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। महिला ट्रेनी पायलट सुरक्षित है।”

डीजीसीए के अनुसार, चेतक एविएशन ने जानकारी दी कि विमान का पायलट पूरी तरह सुरक्षित है। सेसना 152 एक सिंगल इंजन वाला दो सीट का विमान है, जिसका मुख्य रूप से प्रशिक्षण गतिविधियों के लिए उपयोग किया जाता है। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि विमान क्षेत्र के ऊपर उड़ान भर रहा था कि तभी अचानक उसकी ऊंचाई कम होने लगी और वह पास के एक खेत में जा गिरा। उन्होंने बताया, ”नीचे आते समय विमान हाई-टेंशन तार से टकरा गया जिससे तार टूट गए और विमान को भी काफी नुकसान पहुंचा।”

विमान गिरने से हाई-टेंशन तार टूट गया

पुलिस के मुताबिक, घायल प्रशिक्षु पायलट की पहचान 28 वर्षीय महाराष्ट्र निवासी कायनात के रूप में हुई है और उन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बचाव दलों के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर दुर्घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई। बिजली विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी भी क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मौके पर पहुंचे। हाई-टेंशन तार टूटने के बाद आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

जांच में सहायता के लिए अलीगढ़ से भी एक टीम कासगंज पहुंची है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले अचानक तेजी से नीचे आया था। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है लेकिन तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।

यह भी पढ़ें: फ्रांस में क्रैश हुआ यात्री विमान

रविवार को पूर्वोत्तर फ्रांस के टॉमब्लेन शहर में एक नागरिक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत होने का अनुमान है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्लेन पैराशूटिंग सिखाने वाले एक स्कूल का था। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

(इनपुट-भाषा)