उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है। यहां के एक गांव स्थित गौशाला में शनिवार को तेरहवीं समारोह का बचा हुआ खाना खाने से 10 गायों की मौत हो गई। जबकि 20 अन्य गायें बीमार पड़ गईं। अधिकारियों के अनुसार गायों को एसिडोसिस नामक बीमारी हो गई थी, जिसमें शरीर के तरल पदार्थों में अत्यधिक एसिड बन जाता है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनएन शुक्ला ने बताया कि कुल 30 गायों की तबीयत बिगड़ी थी। इनमें से 10 गायों की मौत हो गई जबकि बाकी 20 गायों का इलाज कर उन्हें बचा लिया गया है और उनकी हालत अब स्थिर है।

यह घटना मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भैंसा गांव की है। जानकारी के मुताबिक गांव के प्रधान की 20 मई को तेरहवीं का आयोजन किया गया था। समारोह के बाद बड़ी मात्रा में खाना बच गया था, जिसे 22 मई को अस्थायी गौशाला में मौजूद गायों को खिला दिया गया।

खाना खाने के बाद गायों में एसिडोसिस के लक्षण दिखाई देने लगे और उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद पशुपालन विभाग की 10 डॉक्टरों की टीम को इलाज के लिए लगाया गया। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान, मथुरा के विशेषज्ञों को भी बुलाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया गया है और जांच के लिए सैंपल भेजे गए हैं। जिस गौशाला में यह घटना हुई, उसका संचालन ग्राम सभा द्वारा किया जाता है। फिलहाल गायों को राल गांव स्थित नई गौशाला में शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।

एसिडोसिस क्या है ?

एसिडोसिस (Acidosis) एक मेडिकल कंडीशन है, जिसमें शरीर के तरल पदार्थों खासकर खून में अम्ल (Acid) की मात्रा सामान्य से अधिक बढ़ जाती है। गायों और अन्य पशुओं में यह समस्या अक्सर खराब, बासी या अत्यधिक स्टार्चयुक्त भोजन खाने से होती है। इससे पाचन तंत्र प्रभावित होता है और जानवरों में कमजोरी, पेट फूलना, सुस्ती, सांस लेने में दिक्कत और गंभीर मामलों में मौत तक हो सकती है। समय पर इलाज न मिलने पर यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।