उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक दिल दहालाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने पांच महीने के बच्चे की हत्या कर दी। पत्नी से विवाद के बाद शख्स ने उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना शनिवार देर रात 12 बजे के करीब की बताई जा रही है। आरोपी ने पहले बच्चे को छत से लटकाया और फिर जब पत्नी ने मायके से तुरंत वापस लौटने से इनकार किया तो उसने बच्चे को नीचे फेंक दिया।

घर के अन्य लोग आनन-फानन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। मामला जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के मलखानपुर गांव का है। जानकारी अनुसार घटना के बाद घरवालों ने आरोपी को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया। सुबह पुलिस आई और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी बॉबी अपनी पत्नी और बहन संग साले की शादी में शामिल होने आया था। आज बारात जानी थी।

उक्त गांव के रहने वाले प्रमोद दिवाकर जो प्रधान भी रह चुके हैं, उनके बेटे की शादी है। आज बारात निकलने वाली थी। शादी में शामिल होने को कुमकुम का पति बॉबी अपने भाई शिवकुमार, भाभी अंजलि और बहन नीलम के साथ ससुराल आया था। शुक्रवार रात बॉबी शराब के नशे में घर आया और अपनी बहन को पीटना शुरू कर दिया।

पिटाई की वजह से नीलम बेहोश हो गई। ऐसे में घरवालों ने बॉबी के माता-पिता को बुलाया जो नीलम को अपने संग लेकर चले गए। मारपीट के बाद बॉबी घर से भाग गया था। पूर्व प्रधान ने बताया कि शनिवार रात बॉबी फिर से घर आया और कुमकुम से मारपीट की कोशिश की। मेरी पत्नी ने हस्तक्षेप किया, लेकिन कुमकुम ने ही उसे रोक दिया। लड़ाई बढ़ी तो उसने बेटे राघव (5 महीने) को मां की गोद में दे दिया।

हालांकि, लड़ाई करते करते बॉबी ने राघव को अपनी सास की गोद से छीन लिया और उसको छत से लटका दिया। फिर कुमकुम को धमकाते हुए कहा कि अभी घर चल वरना इसे नीचे फेंक दूंगा। मना करने पर उसने सच में बच्चे को नीचे फेंक दिया। इसके बाद चीख पुकार मच गई। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार 4 बजे सुबह उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद घरवालों ने बॉबी को पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में एसएचओ कमलेश मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच पति-पत्नी में विवाद के बाद घटना को अंजाम देने की ओर इशारा करती है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें – कानपुर में डबल मर्डर, पिता ने की जुड़वां बेटियों की हत्या, खुद फोन कर बुलाई पुलिस; गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दर्दनाक मामला सामने आया। यहां एक शख्स ने अपनी 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या कर दी। घटना शहर में स्थित उसके घर में हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को रविवार तड़के इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव घर के अंदर से बरामद किए, जिनके गले पर गहरे जख्म पाए गए। इसके बाद आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी खबर पढ़ें…