यूपी में पिछले तीन साल में कितने ब्राह्मणों की हत्या हुई, आगामी विधानसभा सत्र के लिए भाजपा विधायक ने पूछा सवाल
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर ब्राह्मणों के खिलाफ विपक्ष लगातार अत्याचार का आरोप लगा रहा है। सुल्तानपुर के भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी ने आगामी विधानसभा सत्र के लिए एक ऐसा ही सवाल किया है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर ब्राह्मणों के खिलाफ विपक्ष लगातार अत्याचार का आरोप लगा रहा है। अब इस कड़ी में योगी सरकार ने अपने विधायक ने भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सुल्तानपुर के भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी ने आगामी विधानसभा सत्र के लिए एक ऐसा ही सवाल किया है। देवमणि द्विवेदी ने सवाल किया है कि पिछले तीन साल में योगी सरकार के कार्यकाल में कितने ब्रह्मणों की हत्या हुई है और कितने हत्यारे पकड़े गए हैं।
उन्होंने सवाल में लिखा है, क्या राज्य के गृह मंत्री बताने की कृपा करेंगे कि वर्तमान भाजपा सरकार के तीन साल से अधिक कार्यकाल में प्रदेश में कितने ब्रह्मणों की हत्या हुई, कितने हत्यारे पकड़े गए? कितने हत्यारों को पुलिस सजा दिलवाने में कामयाब हुई? ब्राह्मणों की सुरक्षा के लिए आगे सरकार की रणनीति क्या है? क्या ऐसे में सरकार ब्रह्मणों को शस्त्र लाइसेंस देने में प्राथमकिता देगी? कितने ब्राह्मणों ने शस्त्र के लिए अप्लाई किया और कितने लाइसेंस जारी हुए।
बता दें कि द्विवेदी करीब दो साल पहले विधानमंडल के सत्र में सुलतानपुर का नाम कुशभवनपुर करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और फैजाबाद का नाम अयोध्या करने के बाद सुल्तानपुर का नाम भी बदलने की मांग की थी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से ब्राह्मणों को लेकर राजनीति गर्म है। विपक्ष का लगातार कहना है कि सूबे के ब्राह्मण योगी सरकार से नाराज है। बीजेपी नेता के सवाल से विपक्ष को इस मुद्दे पर राजनीति करने का मौका मिल गया है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।