उत्तर प्रदेश के उन्नाव  में साधु हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल को पुलिस एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया है। रविवार देर रात पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम था।

यूपी पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी इसराइल ने पुलिस टीम पर सबसे पहले फायरिंग की थी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी के भी घायल होने की बात कही जा रही है जिसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के घूरे टीला कस्बे का है। यहां रहने वाले बाबा मिलन दास अपनी जमीन पर राम मंदिर का निर्माण करा रहे थे। लेकिन मंदिर में साउंड सिस्टम बजाने को लेकर कुछ लोग नाराज हो गए थे। इसके बाद 9 जून को दिनदहाड़े बाबा मिलन दास पर चाकू से हमला कर दिया गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया था। आज तक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, परिजनों ने यूपी पुलिस को अपनी शिकायत में बताया था कि इसराइल, यामीन, शानू, मोहम्मद शफी और लल्ली उर्फ अजय गौतम समेत पांच लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।

जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी इसराइल फरार चल रहा था।

उन्नाव के पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के मुताबिक, रविवार देर रात करीब 3:40 बजे बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी इसराइल आसपास के इलाके में मौजूद है।

जैसे ही यह सूचना पुलिस टीम को मिली, वह मौके पर पहुंची और इसराइल की घेराबंदी कर ली गई। पुलिस का कहना है कि उसे सरेंडर करने का मौका दिया गया था, लेकिन उसने सामने से गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें वह घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह पहला मौका नहीं है जब उत्तर प्रदेश में किसी आरोपी का इस प्रकार एनकाउंटर हुआ हो। इससे पहले भी राज्य में कई मामलों में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिनमें आरोपी मारे गए हैं।

ये भी पढ़ें- विमान हादसों से सबक क्यों नहीं लिया जाता?