बहुजन समाज पार्टी के उत्तर प्रदेश में इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार को निधन हो गया है। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उमाशंकर बसपा के वरिष्ठ नेता और बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा से विधायक थे। उन्होंने दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। बताया जा रहा कि वह लंबे समय से कैंसर से पीड़त थे।
उमाशंकर सिंह यूपी की राजनीति के कद्दावर और प्रभावशाली नेता माने जाते थे। बसपा सुप्रीमो मायावती उमाशंकर सिंह को अपना भाई मानती थीं और उन्हें राखी बांधती थी। साथ ही मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में वे बसपा के इकलौते विधायक थे।
2011 में ज्वाइन की थी बसपा
साल 2011 में उमाशंकर सिंह ने बसपा ज्वाइन की और 2012 में पहली बार रसड़ा सीट से विधायक बने। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। साल 1990 में वह बलिया के सतीश चंद्र डिग्री कॉलेज से छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे। इसके बाद साल 2000 में वह बलिया से जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए और फिर स्थानीय राजनीति में अपनी पहचान बनाई।
2017 में फिर अपनी जीत को उन्होंने दोहराया और फिर 2022 में भी उन्होंने बसपा की इज्जत रख ली क्योंकि इस चुनाव में वे पार्टी के इकलौते विधायक थे जिन्होंने जीत दर्ज की थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “जनपद बलिया के रसड़ा विधानसभा से विधायक उमाशंकर सिंह का निधन अत्यंत दु:खद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
मायावती ने जताया शोक
विधायक के निधन पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने शोक संवेदना जताई। उन्होंने एक्स पर पोस्ट लिखा, “बसपा के कर्मठ, ईमानदार और पूरी तरह से वफादार बलिया की रसड़ा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह की आज शाम लम्बी बीमारी की वजह से इलाज के दौरान देहान्त हो जाने की खबर अति-दुखद। उनके परिवार और उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा की जितनी भी तारीफ की जाए वह कम है। उनका पूरा परिवार बीएसपी परिवार की तरह है और उनके परिवार के सभी लोग मुझे बड़ी बहन की तरह ही पूरा आदर-सम्मान देते हैं।”
आगे मायावती ने लिखा, “उनके पुत्र से लगातार सम्पर्क में थी और आज शाम उनके देहान्त की खबर उनके पुत्र से ही मिली। इस दुख की घड़ी में मैं और पार्टी उनके परिवार के साथ हैं। परिवार किसी भी प्रकार से हिम्मत नहीं हारना है बल्कि इस परिस्थिति का सामना करते हुए आगे बढ़ना है। कुदरत उन सभी लोगों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।”
लंबे समय से चल रहे थे बीमार
उमाशंकर सिंह लंबे समय से कैंसर से बीमार चल रहे थे और दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, अत्यंत दुखद, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।”
यह भी पढ़ें: मायावती ने भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से किया बाहर, BSP संगठन में बड़ा बदलाव
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के कुछ महीने पहले पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बहुजन समाज पार्टी के संगठन में एक बार फिर बड़ा बदलाव किया है। बीसएसपी चीफ ने अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्घार्थ को सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए पार्टी से निकाल दिया है। ऐसा ही एक्शन मायावती ने रणधीर सिंह बेनीवाल के साथ भी किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
