Tyagi Society Furious On BJP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के नोएडा-गाजियाबाद में एक बार फिर श्रीकांत त्यागी के मामले (Shrikant Tyagi case) की चर्चा तेज हो गई है। त्यागी समाज के एक सदस्य ने कहा कि 30 साल पहले जब भाजपा का कोई बस्ता पकड़ने का काम नहीं करता था, कोई बूथ नहीं था। उस वक्त त्यागी समाज के लोगों ने भाजपा का बस्ता पकड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब हम किसी की दरी नहीं बिछाएंगे, अब हमारा डंडा, झंडा और मंच भी होगा।
दरअसल, श्रीकांत त्यागी विवाद (Shrikant Tyagi case) के दौरान सोसायटी में घुसने के मामले में गिरफ्तार लोगों के मुकदमे वापस लेने के लिए त्यागी समाज के लोगों ने 28 जनवरी को नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से मुलाकात की थी।
पुलिस कमिश्नर से इस मुलाकात में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के त्यागी समाज के कई बड़े नेता शामिल थे। हालांकि इस मामले को लेकर 29 जनवरी को त्यागी समाज के लोगों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ नेता इस मामले में राजनीति कर रहे हैं, दूसरी तरफ मदद का दिखावा भी कर रहे हैं, जबकि श्रीकांत त्यागी के खिलाफ जब कार्रवाई की गई थी, तो उस वक्त कोई भाजपा नेता सामने नहीं आया था।
श्रीकांत त्यागी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा नेता बौखला गए थे: अभिषेक त्यागी
त्यागी समाज के नेता अभिषेक त्यागी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में श्रीकांत त्यागी की बढ़ती लोकप्रियता को देखकर पश्चिम में भाजपा नेता बौखला गए थे। उन्होंने कहा कि त्यागी समाज की नाराजगी को देखते हुए त्यागी समाज से एक भाजपा नेता को भेजा गया था और कहा गया कि त्यागी समाज भाजपा के साथ है।
अभिषेक त्यागी ने कहा कि मैं त्यागी समाज की तरफ से साफ शब्दों में बता देना चाहता हूं कि त्यागी समाज अब भाजपा के साथ नहीं है, न ही त्यागी समाज भाजपा का बंधुआ मजदूर है। उन्होंने कहा कि त्यागी समाज श्रीकांत त्यागी के साथ चलेगा और इस समाज की सामाजिक रूप से अगुवाई मांगेराम त्यागी कर रहे हैं, जबकि राजनीतिक रूप से श्रीकांत त्यागी कर रहे हैं।
त्यागी समाज का कहना है कि जब श्रीकांत त्यागी मामले में लोगों पर केस दर्ज हुए थे, तब कोई नेता सामने नहीं आया था। अब बीजेपी की हाल में हुई एक सीट (खतौली) पर हार के बाद भाजपा से जुड़े नेताओं का ह्दय परिवर्तन हो रहा है, लेकिन त्यागी समाज के लोग भाजपा के साथ नहीं हैं।
अगस्त, 2022 में नोएडा की ओमेक्स सोसायटी में श्रीकांत त्यागी ने महिला से की थी बदसलूकी
बता दें, अगस्त, 2022 में नोएडा की ओमेक्स सोसायटी में श्रीकांत त्यागी का महिला से बदसलूकी का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद इस मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था और श्रीकांत त्यागी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। हालांकि, 17 अक्टूबर को हाई कोर्ट में जमानत याचिका पर सुनवाई हुई और श्रीकांत त्यागी को जमानत दे दी गई थी।