उत्तर प्रदेश के बागपत में एक मंदिर परिसर से दो युवकों के सड़े-गले शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। दोनों युवक 25 जुलाई को मंदिर के पुजारी से मिलने गए थे, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटे। करीब दो सप्ताह तक तलाश के बाद पुलिस ने गुरुवार को मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स के नीचे कई फीट गहराई में दबे दोनों के शव बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में मंदिर के पुजारी को मुख्य आरोपी बनाया है। हालांकि, वह अपने 14 वर्षीय बेटे के साथ फरार है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले अंकित (27) और उसके दोस्त इसरार (36) के रूप में हुई है। अंकित शारीरिक रूप से दिव्यांग था और जन्म से ही उसके शरीर का निचला हिस्सा काम नहीं करता था। इसरार उसका करीबी दोस्त था और अक्सर उसे मोटरसाइकिल पर एक जगह से दूसरी जगह ले जाता था।
बहन के साथ संबंध को लेकर पुजारी से भिड़ने पहुंचे थे
पुलिस के अनुसार, अंकित को शक था कि पुजारी का उसकी छोटी बहन के साथ संबंध था। उसने कथित तौर पर पुजारी को कई बार इससे दूर रहने की चेतावनी दी थी। 25 जुलाई को अंकित अपने दोस्त इसरार के साथ पुजारी से इसी मुद्दे पर बात करने के लिए मंदिर पहुंचा था।
लेकिन मंदिर जाने के बाद दोनों वापस अपने घर नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने लगातार चार दिनों तक उनकी तलाश की और पुजारी से भी दोनों के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन पुलिस के मुताबिक उसने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। आखिरकार 29 जुलाई को परिजनों ने दोनों के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
मोबाइल लोकेशन मंदिर में मिली, लेकिन नहीं मिला सुराग
दोनों के लापता होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उनके कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में दोनों को गांव से बाहर जाते हुए नहीं देखा गया। वहीं, उनके मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन मंदिर परिसर में ही मिली।
पुलिस ने मंदिर परिसर में कई बार तलाशी ली, लेकिन शुरुआत में दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने मंदिर से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए मुखबिरों को लगाया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उसे पता चला कि पुजारी को दोनों युवकों के बारे में जानकारी थी।
पुजारी फरार, दो शिष्य गिरफ्तार
चांदीनगर थाना पुलिस की टीम बुधवार रात मंदिर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही पुजारी और उसका 14 वर्षीय बेटा वहां से फरार हो गए। मंदिर में मौजूद पुजारी के दो शिष्यों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों शिष्यों ने हत्या और शवों को दफनाने से जुड़ी जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मंदिर परिसर में एक जगह की खुदाई कराई। इंटरलॉकिंग टाइल्स हटाने के बाद कई फीट नीचे दोनों युवकों के शव बरामद किए गए।
चाय में नशीली दवा मिलाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों शिष्यों ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि 25 जुलाई को अंकित पुजारी से काफी नाराज था और उसे अपना रवैया बदलने की चेतावनी दे रहा था। आरोप है कि इसके बाद पुजारी दोनों युवकों को समझाने के बहाने मंदिर के कमरे में ले गया।
पुलिस के मुताबिक, वहां दोनों को ऐसी चाय दी गई जिसमें कथित तौर पर नींद की गोलियां या नशीली दवा मिलाई गई थी। करीब एक घंटे बाद जब दोनों सो गए तो पुजारी ने कथित तौर पर उन्हें कोई इंजेक्शन लगाया। इसके बाद पुजारी ने अपने बेटे और दोनों शिष्यों की मदद से मंदिर की जमीन में खुदाई की।
पुलिस का आरोप है कि दोनों युवकों के शवों को वहां दफन करने के बाद ऊपर इंटरलॉकिंग टाइल्स दोबारा लगा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस के मुताबिक, पुजारी कथित तौर पर शवों के ऊपर बने स्थान पर नियमित रूप से दीपक जलाता था, जिससे वहां किसी तरह का संदेह पैदा न हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
चांदीनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार पुंडीर ने बताया कि दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत की सही वजह का पता चल सकेगा।
पुलिस ने इस मामले में पुजारी के दो शिष्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी पुजारी और उसका 14 वर्षीय बेटा फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। मामले में हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में गुरुद्वारे के अंदर निहंग सिखों ने किया हमला, अस्पताल में भर्ती
शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को निहंग सिखों ने हमला कर दिया। बादल पर यह हमला महाराष्ट्र के नांदेड़ में स्थित माता साहिब गुरुद्वारे में हुआ। उनके हाथ में चोट लगी है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
