राजस्थान पुलिस CID ने ब्रिटेन के दो नागरिकों को ‘भारत छोड़ने’ का नोटिस जारी किया है। इन दोनों ब्रिटिश नागरिकों ने कथित तौर पर पुष्कर में ‘सार्वजनिक जगहों’ पर सियासी पोस्टर लगाए थे। पीटीआई की रिपोर्ट में जानकारी दी गई है कि इन पोस्टर्स पर ‘फ्री फिलिस्तीन, बॉयकॉट इजरायल’ का मैसेज लिखा हुआ था।
रिपोर्ट के अनुसार, यह एक्शन 21 जनवरी को मिली उन रिपोर्टों के बाद लिया गया, जिनमें बताया गया था कि पुष्कर में कई जगहों पर इजरायल-फिलिस्तीन संघर्ष से जुड़े स्टिकर दिखे हैं। CID की एक टीम ने इस मामले की जांच की। जांच में पता चला कि ये पोस्टर दो विदेशी टूरिस्टों ने लगाए हैं।
पर्यटकों ने वीजा शर्तों का किया उल्लंधन
पुलिस ने पीटीआई को बताया कि दोनों पर्यटक टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे। सीआईडी ने पाया कि उन्होंने वीजा शर्तों का उल्लंघन किया है, जो किसी भी तरह की सियासी गतिविधियों में हिस्सा लेने पर पाबंदी लगाती है।
ASP (CID) राजेश मीणा ने कहा कि भारत में रहते हुए दूसरे देशों के प्रति अनादर दिखाने वाली गतिविधियों में शामिल होना वीजा नियमों का उल्लंघन है। राजेश मीणा ने बताया कि दोनों ब्रिटिश नागरिकों को इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें दोनों को देश छोड़ने का निर्देश दिया गया।
राजस्थान पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि स्टिकर के संबंध में पर्यटकों से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी। CID के दखल के बाद, सार्वजनिक जगहों से स्टिकर हटा दिए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने द्वारा ऐसे इलाकों की भी जांच की गई, जहां विदेशी पर्यटकों अक्सर जाते हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी ऐसी सामग्री प्रदर्शित न हो।
