Madhya Pradesh-Maharashtra: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक सात साल का मासूम बोरवेल में गिर गया है। बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। एक अधिकारी ने मंगलवार (14 मार्च, 2023) को इसकी जानकारी दी। घटना विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम आनंदपुर के पास स्थित खेरखेड़ी पठार की है। यहां एक खेत में खुले पड़े बोरवेल में मंगलवार को एक सात साल का मासूम गिर गया। यह बोरवेल करीब 50 फीट गहरा बताया जा रहा है। बच्चे को बोरवेल से निकालने के लिए प्रशासन का अमला जुटा हुआ है।
लटेरी के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट हर्षल चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा है। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेसीबी मशीन को तैनात करके बच्चे को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। बच्चे की स्थिति को बेहतर तरीके से ट्रैक करने के लिए बोरवेल में एक कैमरा भी लगाया गया है।
महाराष्ट्र के अहमदनगर में बोरवेल में गिरा पांच साल का मासूम
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले से भी इस तरह की खबर सामने आई है। यहां पांच साल का एक बच्चा खेलते-केलते बोरवेल में गिर गया है। प्रशासन बच्चे को बचाने की कोशिश कर रहा है। जानकारी के मुताबिक बच्चा खेलते समय बोरवेल गिर गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड रेस्क्यू ऑपरेशन कर रहे है।
बच्चा करीब 15 फीट दूर है और उसे निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चे के पिता गन्ना काटने का काम करते है।
NDRF के मुताबिक, घटना शाम 4 बजे अहमदनगर जिले के कर्जत तालुका के कोपार्डी गांव की है, जहां एक बच्चा बोरवेल में जा गिरा है। मौके पर पांच NDRF की टीमें मौजूद हैं। टीम ने बताया कि पांच साल का मासूम जो 15 से 20 फीट गहरे बोरवेल में गिरा है, उसे बचाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। मौके पर जिला पुलिस प्रशाशन भी मौजूद है।
साल 2006 में हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गिर गया था प्रिंस
2006 में हरियाणा के कुरुक्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय प्रिंस कुमार कश्यप 55 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था, जिसको बचाने के लिए एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था। लगभग 48 घंटे बाद प्रिंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान पूरे देश ने इस घटना पर नजर बनाए रखी थी।