33 साल की त्विषा शर्मा की मौत का मामला तूल पकड़ गया है। त्विषा के परिजन उसके शव का दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े हैं। त्विषा शर्मा मिस पुणे रह चुकी थीं और उसने नोएडा से एमबीए किया था। वह नोएडा की ही रहने वाली थीं।
सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर त्विषा के रिश्तेदारों और दोस्तों ने पोस्टमार्टम प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और मामले की सीबीआई जांच की मांग की। ‘जस्टिस फॉर त्विषा’ लिखे प्लेकार्ड और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए।
ट्विशा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने पति समर्थ सिंह के घर में फांसी पर लटकी हुई मिली थीं। त्विषा की समर्थ सिंह से मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी। शादी के पांच महीने के अंदर ही त्विषा की मौत हो गई।
त्विषा की सास गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज हैं।
मां से कहा था- घर वापस ले जाओ
त्विषा और उसकी मां के बीच हुई व्हाट्सएप चैट से पता चला है कि वह अपनी शादी से नाखुश थी। वह मानसिक रूप से परेशान थी और बार-बार अपनी मां से उसे वापस घर ले जाने की गुहार लगा रही थी। त्विषा ने मां को लिखा था, ‘मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी।’ दोस्तों के साथ बातचीत में भी त्विषा ने शादी के बाद खुद को फंसा हुआ महसूस करने, घर की याद आने की बात की थी।
दोस्त के साथ बातचीत में त्विषा ने कहा था, “घर पर बैठे रहने की वजह से मैं परेशान हूं। मैं अपनी जिंदगी में कुछ करना चाहती हूं। शादी से परिवार बनता है लेकिन आप खुद के लिए काम करना कभी नहीं छोड़ सकते।” त्विषा ने अपनी दोस्त को जल्दबाजी में शादी न करने की चेतावनी भी दी थी और कहा था कि उसे सोच-समझकर आगे बढ़ना चाहिए।
त्विषा के परिवार ने भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और दिल्ली के एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
गर्भवती थी ट्विशा
त्विषा दो महीने की गर्भवती थी। पुलिस इस मामले में आत्महत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। त्विषा के परिवार ने साजिश का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मौत से पहले कुछ महीनों तक वह गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। त्विषा के रिश्तेदारों का दावा है कि वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी।
त्विषा के परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत दहेज हत्या और दहेज उत्पीड़न से संबंधित प्रावधानों के तहत उसके पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
त्विषा शर्मा की चचेरी बहन मीनाक्षी ने एनडीटीवी के साथ बातचीत में बताया कि उसका 15 किलो वजन कम हो गया था और उसे परेशान किया जा रहा था। भोपाल पुलिस ने समर्थ सिंह के बारे में जानकारी देने वाले को 10,000 रुपये का नकद इनाम देने का ऐलान किया है।
त्विषा ने किया था एमबीए
त्विषा के पास एमबीए की डिग्री थी और शादी से पहले उन्होंने कई सालों तक दिल्ली में काम किया था। इसके अलावा वह तेलुगु फिल्म ‘मुग्गुरु मोनागल्लू’ में भी नजर आ चुकी थीं। त्विषा की प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने जुलाई 2014 से अप्रैल 2020 के बीच मुंबई में फ्लेवर पॉट फूड्स में मार्केटिंग मैनेजर के तौर पर काम किया था। त्विषा ने जर्मन एकेडमी ऑफ डिजिटल एजुकेशन (डीएडीबी) में कम्युनिकेशन और ऑनबोर्डिंग मैनेजर के रूप में भी काम किया था। वह सर्टिफाइड योगा टीचर और विपश्यना मीडिएटर के तौर पर भी काम करती थीं।
ग्रेटर नोएडा में महिला की मौत
ग्रेटर नोएडा के जलपुरा इलाके में रविवार को दीपिका नाम की महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने कहा है कि दहेज के कारण ससुराल वालों ने दीपिका की हत्या की है। दीपिका की शादी सिर्फ डेढ़ साल पहले हुई थी। परिजनों ने यह भी कहा है कि दीपिका के शरीर पर चोट के निशान थे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
