अभिनेत्री व मॉडल त्विषा शर्मा की मौत के मामले में मध्य प्रदेश सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश करेगी। सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश सरकार इस मामले की जांच के लिए सीबीआई को पत्र लिखेगी और यदि परिवार अनुरोध करता है तो शव को दिल्ली के एम्स ले जाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
इससे पहले त्विषा शर्मा के परिवार ने बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मामले में परिवार के साथ खड़ी है।
त्विषा 12 मई की रात को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके पति वकील समर्थ सिंह और उसकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोपों को लेकर एफआईआर दर्ज की थी।
गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज हैं। नोएडा निवासी त्विषा के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एम्स, दिल्ली में दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की है लेकिन एक अदालत ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग को खारिज कर दिया है।
शव वापस लेने का अनुरोध
इस बीच, भोपाल पुलिस ने त्विषा शर्मा के परिजनों से उसका शव वापस लेने का अनुरोध किया है। पुलिस ने यह अनुरोध शव के खराब होने की आशंकाओं के मद्देनजर किया है। त्विषा का पोस्टमॉर्टम 13 मई को भोपाल स्थित एम्स में हुआ था और तभी से उसका शव वहां के मुर्दाघर में रखा हुआ है।
पुलिस ने एम्स के एक पत्र का हवाला देते हुए कहा कि शव को खराब होने से रोकने के लिए शून्य से 80 डिग्री सेल्सियस नीचे का तापमान चाहिए और यह सुविधा एम्स भोपाल में नहीं है।
त्विषा शर्मा की मौत मामले में सामने आई बड़ी लापरवाही
मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की मौत के मामले में बड़ी लापरवाही सामने आई है। लापरवाही नायलॉन की उस बेल्ट को लेकर है जिसे पुलिस ने घटनास्थल से बरामद करने का दावा किया है। कहा गया है कि इस बेल्ट का इस्तेमाल फांसी में किया गया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
