उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हिंदुओं को लालच देकर ईसाई बनाने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने पांच महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर इलाके में हुई।

एसएसपी संजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव में पुलिस ने हिंदूवादी संगठनों की शिकायत पर शनिवार को एक जगह पर छापा मारा था। इस जगह पर सभा आयोजित की जा रही थी।

तीन धार्मिक किताबें, छह मोबाइल फोन बरामद

एसएसपी कुमार ने बताया कि इस सभा में लोगों को लालच देकर ईसाई धर्म में परिवर्तित कराने की कोशिश की जा रही थी। इस आरोप में पांच महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से तीन डायरी, तीन धार्मिक किताबें और छह मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने ‘उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन निषेध अधिनियम, 2021’ की धाराओं के तहत 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उनमें से 12 को गिरफ्तार किया।

पुलिस अफसर ने बताया कि सभा के लिए जगह देने वाले दो लोग राशिद और मोनिस फरार हैं और पुलिस इनकी तलाश की जा रही है।

मौलाना और उसके बेटे के खिलाफ एफआईआर

एसएसपी ने बताया कि एक अन्य घटना में पुलिस ने शनिवार को जिले के रतनपुरी थाना क्षेत्र के फुलात गांव में हिंदुओं का इस्लाम में धर्मांतरण कराने के आरोप में मदरसा दारुल उलूम रहीमा के प्रभारी मौलाना हिफ्जुर्रहमान और उसके बेटे जुबैर अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि दोनों फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार वे मुजफ्फरनगर जिले के फुलात गांव में हिंदुओं का इस्लाम में धर्मांतरण कराने में शामिल पाए गए थे।

यह भी पढ़ें- सनातन धर्म में लौटे शामली के आयुष मलिक

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में आयुष मलिक के धर्मांतरण मामले में नया ट्विस्ट सामने आया है। इस्लाम धर्म को अपनाने वाला मोहम्मद अली (आयुष मलिक) ने दोबारा सनातन धर्म स्वीकार कर लिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।