दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी के खिलाफ आठ साल पुराने आपराधिक मानहानि मामले में नए जमानती वारंट जारी किए। अदालत ने पाया कि इससे पहले जारी किए गए वारंट उनके गुरुग्राम स्थित पते के बजाय ऑस्ट्रिया के एक गलत पते पर भेज दिए गए थे।
साकेत कोर्ट के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास राहुल जैन ने ये नए वारंट तब जारी किए, जब पिछले वारंट की तामील (कार्यान्वयन) नहीं हो सकी। सुनवाई के दौरान, शिकायतकर्ता के वकील ने अदालत को बताया कि ध्रुव राठी भारत छोड़ चुके हैं और विदेश में रह रहे हैं। अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 23 नवंबर की तारीख तय की है।
आखिर क्या है पूरा मामला?
यह आपराधिक मानहानि की शिकायत विकास संस्कृत्यायन ने मई 2018 के एक वीडियो को लेकर दर्ज कराई थी। इसका शीर्षक “बीजेपी आईटी सेल पार्ट II” था। इस वीडियो को ध्रुव राठी ने बनाया था और अपने यूट्यूब चैनल पर पब्लिश किया था। वीडियो में राठी ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल के सदस्यों ने विकास संस्कृत्यायन को बदनाम करने के लिए उन्हें रिश्वत देने की कोशिश की थी।
इसके बाद, विकास संस्कृत्यायन ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और कहा कि ये आरोप झूठे और दुर्भावनापूर्ण हैं, जिन्हें जानबूझकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से लगाया गया था।
संस्कृत्यायन ने राठी और केजरीवाल दोनों के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही शुरू की थी। बाद में केजरीवाल ने अदालत में स्वीकार किया कि वीडियो शेयर करना एक गलती थी, जिसके चलते उनके खिलाफ अलग से कार्यवाही चली। हालांकि, वीडियो बनाने और पब्लिश करने वाले राठी के खिलाफ मूल शिकायत साकेत कोर्ट में चलती रही।
कोर्ट ने सबसे पहले कब जारी किया था नोटिस
इस मामले में राठी को समन भेजने की कई बार कोशिश की गई, जो ज्यादातर समय विदेश में ही रहे हैं। अदालत ने सबसे पहले 23 जुलाई 2019 को नोटिस जारी किए थे, लेकिन उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने में आ रही दिक्कतों के कारण मामला लंबित ही रहा। 12 अक्टूबर को हुई पिछली सुनवाई में संस्कृत्यायन की ओर से कार्यवाही में तेजी लाने की एक अर्जी दाखिल की गई थी। इसके बाद अदालत ने नए समन जारी किए थे।
यह भी पढ़ें: कौन हैं ध्रुव राठी? ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन से पहले ही हिरासत में लिए गए यूट्यूबर
शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित आवास से हिरासत में ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले की गई है। ध्रुव राठी इसी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आए थे, जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को काफी बढ़ा दिया गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
