Congress and BJP Supporters Clash In Tripura: त्रिपुरा के मजलिसपुर में बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए। यह झड़प चुनाव आयोग द्वारा राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के महज आधे घंटे बाद हुई।
घटना त्रिपुरा के मजलिशपुर निर्वाचन क्षेत्र के रानीरबाजार मोहनपुर की है। यहां बुधवार (18 जनवरी, 2023) को कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में हुई झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है। झड़प में कांग्रेस नेता अजय कुमार भी घायल हुए हैं। कांग्रेस विधायक सुदीप रॉय बर्मन का दावा है कि पार्टी के कई घायल कार्यकर्ता अब भी रानीरबाजार पुलिस थाने में हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के कारण उन्हें अस्पताल नहीं ले जाया गया है।
कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि एक मंत्री विपक्ष पर हमले का नेतृत्व कर रहे थे। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग मजलिसपुर निर्वाचन क्षेत्र सहित पांच निर्वाचन क्षेत्रों में अलग से चुनाव कराए जहां आज घटना हुई।
त्रिपुरा में 16 फरवरी को होगा मतदान
चुनाव आयोग ने उत्तर-पूर्व के तीन राज्यों नागालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होगा जबकि नागालैंड और मेघालय में 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इन तीनों ही राज्यों के परिणाम 2 मार्च को घोषित कर दिए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि इन तीनों ही राज्यों में 60-60 विधानसभा सीटें हैं। तीनों राज्यों में कुल वोटर्स की संख्या 62.8 लाख है। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 31.47 लाख है।
2018 विधामसभा चुनाव में भाजपा ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई थी
त्रिपुरा में साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वामदलों (Communist Parties) के लंबे शासन को खत्म कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 60 में से 36 सीटें मिली थीं जबकि सीपीआई एम (CPI (M)) महज 16 सीटों पर सीमट गई थी। राज्य में IPFT को 8 सीटें मिली थीं। इस साल होने वाले चुनाव में वामदल और कांग्रेस के गठबंधन कर चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है।