Tripura Elections 2023: त्रिपुरा में कुल 60 सीटों में से 54 पर शनिवार को BJP के उम्मीदवार घोषित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा (Manik Saha) टाउन बोर्डोवाली सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही शनिवार को कांग्रेस ने भी त्रिपुरा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की।
Congress ने भी की 17 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा
केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक धनपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगी, शुक्रवार को भाजपा में शामिल हुए मोहम्मद मोबोशर अली कैलाशहर से चुनाव लड़ेंगे। राज्य भाजपा प्रमुख राजीब भट्टाचार्जी बनमलीपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, कांग्रेस (Congress) ने भी शनिवार (28 जनवरी) को आगामी त्रिपुरा चुनाव 2023 के लिए 17 उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की। सुदीप रॉय बर्मन अगरतला से चुनाव लड़ेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री Biplab Dev नहीं लड़ेंगे चुनाव
त्रिपुरा में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों को लेकर मंथन के लिए शुक्रवार (27 जनवरी) को बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक की थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। इसके साथ ही बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी की सीईसी के अन्य सदस्य मौजूद थे।
बैठक में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और प्रदेश इकाई के कोर समूह के सदस्य भी शामिल हुए। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव (Biplab Dev) इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।
मई 2022 में भारतीय जनता पार्टी हाईकमान ने बिप्लव देब को हटाकर डॉ. माणिक साहा को नया सीएम बना दिया था। मुख्यमंत्री बनने के बाद माणिक साहा ने टाउन बोर्डोवाली सीट से ही उपचुनाव लड़ा था।
18 जनवरी को हुआ था चुनाव की तारीखों (Election Date) का ऐलान
गौरतलब है कि 18 जनवरी 2023 को भारतीय निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। तीनों राज्यों त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय में दो चरणों में चुनाव होंगे। त्रिपुरा में 16 फरवरी 2023 को मतदान होगा। वहीं, नगालैंड और मेघालय में एक साथ 27 फरवरी को वोटिंग होगी। तीनों ही राज्यों में चुनाव परिणाम 2 मार्च 2023 को आएंगे।