पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल में पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी छोड़ दी और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।
पश्चिम बंगाल के चुनाव में मिली हार के बाद पिछले महीने ही टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी संगठन में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया था। ममता ने भरोसेमंद नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी थी।
चंद्रिमा भट्टाचार्य को सुब्रता बख्शी की जगह पर प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था लेकिन वह इस पद पर एक महीना भी नहीं रही। उनके इस्तीफा देने की वजह से पार्टी की अच्छी-खासी किरकिरी हुई है। इससे पहले टीएमसी के 80 में से 60 विधायकों ने बगावत कर दी थी और ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना था।
सांसदों ने भी की बगावत
उधर, टीएमसी के 20 सांसदों ने भी पार्टी से बगावत कर दी थी। इन लोकसभा सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया में विलय की बात कही थी और लोकसभा स्पीकर से सदन में उनके बैठने की अलग व्यवस्था करने का अनुरोध किया था। ममता बनर्जी के गुट ने लोकसभा स्पीकर से कहा है कि वह बागी सांसदों के गुट को मान्यता न दें।
ऋतब्रत गुट ने किया टीएमसी मुख्यालय पर कब्जा
टीएमसी पर नियंत्रण को लेकर चल रही लड़ाई शुक्रवार को तब एक नए दौर में पहुंच गई जब नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने कोलकाता में पार्टी के मुख्यालय पर कब्जा कर लिया। इससे एक दिन पहले ही उन्होंने चुनाव आयोग के सामने पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर अपना दावा पेश किया था।
ऋतब्रत फिरहाद हकीम, जावेद खान, संदीपन साहा और अखरुज्जमां जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ दफ्तर पहुंचे और वहां बैठक की। उन्होंने दावा किया कि उनका गुट ही ‘असली’ तृणमूल कांग्रेस है। विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के बाद दोनों गुट खुद को असली टीएमसी बता रहे हैं।
ऋतब्रत गुट के नेताओं ने कहा कि उन्होंने इस जगह के मालिकों के साथ जरूरी समझौता पूरा कर लिया है और अब से वे इसी दफ्तर से काम करेंगे। यह दफ्तर वर्ष 2022 से पार्टी का अस्थायी मुख्यालय रहा है। ईएम बाईपास पर स्थित पार्टी के पुराने कार्यालय में मरम्मत का काम होने के कारण टीएमसी ने यहां दफ्तर बनाया था।
यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी के खिलाफ FIR दर्ज
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी की मुश्किलें दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। राजधानी कोलकाता में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने का आरोप है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
