टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि रविवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में बीजेपी समर्थकों ने उन पर हमला किया है। जब यह घटना हुई उस वक्त कल्याण बनर्जी टीएमसी के कार्यकर्ताओं के साथ हाल में हुई हिंसा की घटनाओं के विरोध में ज्ञापन सौंपने के लिए वहां पहुंचे थे। 

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि पुलिस स्टेशन के सामने बीजेपी समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया जिससे उनके सिर में चोट आई है।

कल्याण बनर्जी ने कहा है कि इस दौरान उनके सिर पर वार किया गया और उनका खून बहा। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीर में कल्याण बनर्जी को अपने सिर पर एक कपड़ा रखे हुए देखा जा सकता है। इस दौरान बड़ी संख्या में टीएमसी के कार्यकर्ता उनके साथ थे।

बनर्जी ने वहां मौजूद पत्रकारों से कहा, “यह सब पुलिस के सामने हुआ, मेरे सिर पर चोट लगी है और खून बह रहा है।” बनर्जी ने समर्थकों के साथ धरना भी दिया।

टीएमसी नेता ने कहा कि पार्टी बीजेपी के द्वारा किए जा रहे हमलों का विरोध करती रहेगी। हालात को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

दूसरी ओर, बीजेपी ने कल्याण बनर्जी के आरोपों का खंडन किया है और दावा किया कि पूरे पश्चिम बंगाल में स्थानीय लोग टीएमसी नेताओं के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

अभिषेक पर हमले के मामले में चार गिरफ्तार

इससे पहले शनिवार शाम को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में हमला किया गया था। रविवार को इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर सीट से सांसद हैं।

जब अभिषेक सोनारपुर कस्बे में जा रहे थे तो इस दौरान कई लोगों ने उन पर पत्थर और अंडे फेंके। अभिषेक बनर्जी ने हेलमेट पहना हुआ था और उनके सहयोगियों ने उन्हें भीड़ से बाहर निकाला। अभिषेक बनर्जी का आरोप है कि बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की थी। इस मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी बीजेपी पर हमला बोला है।

पुलिस ने बताया कि अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में शामिल गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।

अभिषेक पर हमले की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पार्टी के कई नेताओं के साथ अस्पताल में पहुंची थीं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि बीजेपी का इसमें कोई हाथ नहीं है और यह घटना स्थानीय लोगों के गुस्से का नतीजा हो सकती है।

अस्पताल बोला- भर्ती करने की जरूरत नहीं

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हुए हमले के बाद कोलकाता में जमकर सियासी ड्रामा हुआ। अभिषेक बनर्जी को शनिवार शाम कोलकाता के गर्दन, पीठ और कमर में दर्द की शिकायत पर एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल ने उनकी चोट को बेहद मामूली बताते हुए उन्हें भर्ती करने से इनकार कर दिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।