पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद टीएमसी के कद्दावर नेता जहांगीर खान के लिए वक्त बहुत बदल गया है। इस दौरान हुई कई घटनाओं में सबसे बड़ी घटना उनकी पत्नी सारिका बीवी की गिरफ्तारी है।

सारिका बीबी पर आरोप है कि उन्होंने जहांगीर खान को छुड़ाने के लिए कई लोगों के साथ फाल्टा पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया था। पुलिस ने उन्हें 25 से ज्यादा लोगों के साथ गिरफ्तार किया था। फाल्टा में रहने वाले लोगों के मुताबिक, 37 साल की सारिका बीबी लोगों के बीच कम ही दिखाई देती थीं। सारिका ने मिडिल स्कूल तक की पढ़ाई की है।

सारिका पर आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव एक्ट के अलावा आपराधिक साजिश रचने, दंगा करने, नफरत फैलाने, सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने के आरोप लगाए गए हैं।

फाल्टा पुलिस स्टेशन में घुसने की कोशिश

पुलिस ने बताया था कि जहांगीर खान के 400 समर्थकों ने फाल्टा पुलिस स्टेशन में घुसने की कोशिश की थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतने सारे लोग कैसे इकट्ठा हो गए, इसके पीछे कौन था और क्या लोगों को प्रदर्शन करने के लिए पैसे दिए गए थे?

अभिषेक बनर्जी के दायें हाथ थे जहांगीर खान

फाल्टा में जहांगीर खान के घर में ही टीएमसी का स्थानीय दफ्तर भी था और यह एक वक्त में पश्चिम बंगाल की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था। फाल्टा टीएमसी के नंबर दो नेता और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर में आता है। जहांगीर खान को अभिषेक बनर्जी का दाहिना हाथ माना जाता था।

अजय पाल शर्मा से हुई थी जुबानी जंग

विधानसभा चुनाव के दौरान जहांगीर खान उत्तर प्रदेश के पुलिस अफसर अजय पाल शर्मा से जुबानी जंग के कारण विवादों में आए थे। इसे लेकर मीडिया में काफी चर्चा हुई थी।

यूपी कैडर के आईपीएस अफसर अजय पाल शर्मा को पश्चिम बंगाल के चुनाव में पर्यवेक्षक बनाया गया था। अजय पाल शर्मा को चुनाव प्रचार के दौरान शिकायत मिली थी कि कुछ इलाकों में मतदाताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। इसके बाद अजय पाल शर्मा पुलिस टीम के साथ जहांगीर खान के करीबियों के घर पहुंचे थे और उन्होंने चेतावनी दी थी कि मतदान के दौरान किसी को भी डराने या धमकाने की कोशिश ना की जाए।

अजय पाल शर्मा की चेतावनी के बाद जहांगीर खान ने एक चुनावी सभा में कहा था कि अगर वह सिंघम हैं तो मैं ‘पुष्पा’ हूं। खान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

घर वीरान, अधूरा पड़ा है काम

चुनाव से पहले जहांगीर और सारिका के घर में काम चल रहा था लेकिन अब यह वीरान है। खिड़कियों में सिर्फ फ्रेम और ग्रिल लगी हैं और बाकी का अधूरा है। टीएमसी के स्थानीय दफ्तर का शटर बंद है, झंडे फटे हुए हैं, काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो कार लावारिस हालत में खड़ी है। पास में ही सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं।

घर छोड़कर चले गए पति-पत्नी

जहांगीर खान के पड़ोसी बाहर से आए लोगों से बात करने में झिझकते हैं और काफी समझाने के बाद बात करने को तैयार होते हैं। उन्होंने बताया कि 21 मई को जब फाल्टा में फिर से चुनाव था और जहांगीर खान ने अचानक नाम वापस ले लिया था तो उसके बाद से खान और सारिका बीवी घर नहीं आए हैं। इस सीट पर बीजेपी आसानी से चुनाव जीत गई थी।

पड़ोसियों ने बताया कि जहांगीर खान और सारिका बीबी आधी रात को बिना कुछ बताए घर छोड़ कर चले गए थे। उनके दो बच्चे उत्तरी बंगाल के हॉस्टल में रहते हैं।

पुलिस ने घुमाया था सड़कों पर

9 जून को जहांगीर खान को फाल्टा में पुलिस ने सड़कों पर हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए घुमाया था। टीएमसी के सूत्रों का कहना है कि अपने पति के अपमान से आहत होकर सारिका बीबी 17 जून को विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थी। उन्होंने इस मामले में कोलकाता हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी और इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया था।

पड़ोसियों का कहना है कि उनके लिए यह मानना मुश्किल है कि सारिका बीबी ने लोगों का नेतृत्व किया था। सारिका 21 जून से ही पुलिस की हिरासत में है। उनकी पड़ोसी नसीम बीबी कहती हैं कि वह शायद ही कभी घर से बाहर निकलती थीं। एक और पड़ोसी नदीम मुल्ला ने बताया कि ये पति-पत्नी बहुत अच्छे लोग हैं और उन्होंने यहां काफी विकास किया है। उनका कहना है कि उन्हें बलि का बकरा बनाया गया है।

दूसरी ओर, बीजेपी के नेता नीलोत्पल हलदार कहते हैं कि जहांगीर खान ने फाल्टा में डर फैलाया हुआ था और उन पर अत्याचार किया था। नीलोत्पल हलदार ने कहा, “2021 में मेरी सोने की दुकान लूट ली गई थी, मेरी बेटी ने डर के मारे स्कूल जाना छोड़ दिया था। बंगाल के लोगों ने ऐसे अत्याचारों को खत्म करने के लिए वोट डाला था।”

यह भी पढ़ें- पुलिस ने जहांगीर खान ‘पुष्पा’ की हाफ पैंट में कराई परेड

जबरन वसूली और दूसरे आरोपों में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान उर्फ ‘पुष्पा’ को फाल्टा इलाके में घुमाया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।