पंजाब के लुधियाना में रविवार देर रात एक फैक्ट्री में काम के दौरान जहरीली गैस का रिसाव हो गया। इसकी वजह से कई मजदूर अंदर फंस गए। सोमवार सुबह तक दम घुटने के कारण तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं।

आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वालों की पहचान मान सिंह और उनके बेटे अमित के रूप में हुई है। जानकारी के लिए बता दें कि लुधियाना के गैसपुरा क्षेत्र में चाबी बनाने की एक फैक्ट्री है। रविवार देर रात वहां कई मजदूर काम करने पहुंचे थे। तभी जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसा कैसे हुआ, पीड़ित परिवार ने क्या बताया?

मृतक मान सिंह की बेटी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनके पिता को देर रात काम करने के लिए बुलाया गया था। बेटी का आरोप है कि जब उनके पिता बेहोश हो गए तब फैक्ट्री संचालक ने परिवार को सूचना देना भी जरूरी नहीं समझा। इसके बजाय घायलों को खुद ही अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल पिता-पुत्र समेत अन्य मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गैस रिसाव की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हादसा सुरक्षा मानकों में लापरवाही के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

यह पहली बार नहीं है जब जहरीली गैस रिसाव जैसी घटना सामने आई हो। केवल राज्य और जिले बदल जाते हैं, लेकिन किसी न किसी कारण से गैस रिसाव के हादसे होते रहते हैं। इन घटनाओं में कई बेगुनाह लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

ये भी पढ़ें- वो ‘चीनी फॉर्मूला’ जो पेपर लीक होने नहीं देता