महाराष्ट्र के पुणे जिले में ऐतिहासिक सिंहगढ़ किला देखने आए कुछ पर्यटकों से राइटविंग ग्रुप के कुछ सदस्यों ने कथित तौर पर मारपीट की। पुलिस ने इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कर ली है और पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है।

पुणे ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को बताया कि रविवार दोपहर ऐतिहासिक सिंहगढ़ किले में शॉर्ट्स और बिना आस्तीन के कपड़े पहनने पर ‘समस्त हिंदू बांधव आर्मी’ नाम के राइटविंग ग्रुप के सदस्यों ने कथित तौर पर कम से कम चार पर्यटकों (जिनमें एक महिला भी शामिल थी) के साथ मारपीट की। पुलिस ने इस समूह के आठ सदस्यों के खिलाफ मारपीट और दंगा करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पुलिस आरोपियों के तलाश में जुटी

पुलिस के मुताबिक, ये मारपीट रविवार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच पर्यटकों के चार अलग-अलग समूहों पर हुए। पुणे के हवेली पुलिस थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश रामघरे ने कहा, “हमने तीन महिलाओं समेत आठ आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आगे की जांच चल रही है।”

शिकायतकर्ता परिवार के साथ घूमने गए थे

शिकायतकर्ता अपने परिवार और दोस्तों के साथ किले पर घूमने गए थे। 39 वर्षीय शिकायतकर्ता पुणे की एक प्राइवेट कंपनी में सीनियर मैनेजर हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज के सेनापति तानाजी मालुसरे के स्मारक को देखने के बाद लौटते समय कथित तौर पर कुछ लोगों ने उन्हें रोका और उनके पहनावे पर सवाल करने लगे।

शिकायत में उन्होंने बताया, “उन लोगों ने पूछा, ‘तुम शॉर्ट्स क्यों पहने हुए हैं?” आरोप है कि उस ग्रुप के तीन लोगों ने उन्हें थप्पड़ मारा, जबकि एक महिला ने उनकी पत्नी को घसीटा। शिकायत करने वाले ने आगे कहा, “वे जोर जोर चिल्ला रहे थे, ‘क्या तुम्हें हिंदू संस्कृति समझ नहीं आती?'”

किले से नीचे उतरकर पुलिस से की शिकायत

किले से नीचे उतरने के बाद, शिकायतकर्ताओं ने पुलिस पेट्रोल टीम को मामले की जानकारी दी, जिन्होंने उन्हें हवेली पुलिस स्टेशन जाने को कहा। थाने पर उन्हें पता चला कि अलग-अलग ग्रुप के तीन और टूरिस्ट (जिनमें एक महिला भी शामिल थी) को भी उन्हीं हमलावरों ने थप्पड़ मारा था और प्लास्टिक के डंडे से पीटा था।

पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए जान-बूझकर चोट पहुँचाने, खतरनाक हथियारों या तरीकों से चोट पहुँचाने, गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने, दंगा करने और आपराधिक धमकी देने के आरोपों में आठ लोगों पर FIR दर्ज की।

पुलिस ने बताए आरोपियों की पहचान

पुलिस ने इन आरोपियों की पहचान बताया कि समूह में संकेत संजय पाटिल, आशीष दिलीप अपार, रेवन नारायण कोकटे, सायली सुजीत चव्हाण, केतकी सूरज जाधव, अमर रामचंद्र शिर्के, कुणाल किसान नलावडे और आर्या प्रवीण कवाडे ने लोगों से मारपीट की है।

इस साल की शुरुआत में कुछ लोगों ने सिंहगढ़ किले के प्रवेश द्वार पर एक पोस्टर लगाया था, जिस पर लिखा था, ‘यह किला हिंदुओं का है और यहां मुसलमानों का आना मना है।’

यह भी पढ़ें: फिर धरने पर बैठे अभिजीत दीपके, बोले- जब तक गांव वाले यहां बैठे हैं, यही रहूंगा

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके मंगलवार को महाराष्ट्र के हिंगोली में एक स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। यह उनके संगठन के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का हिस्सा है। यहां मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि जिस स्कूल के बाहर वो धरने पर बैठे हैं, उसका प्रिंसिपल स्कूल में बच्चों के सामने शराब पीता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें