महाराष्ट्र की राजनीति में पाला बदलने को लेकर सियासी खेल अभी भी जारी है। इसी बीच यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को प्रधानमंत्री पद की दौड़ से दूर रखने के लिए इस तरह का खेल रचा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को फायदा होगा।

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में आदित्य ठाकरे ने कहा कि बीजेपी के कुछ लोग चाहते हैं कि देवेंद्र फड़नवीस को केंद्रीय कैबिनेट में भेज दिया जाए ताकि उनके राजनीतिक पर कतर दिए जाएं। उनके मुताबिक, इसका सबसे बड़ा फायदा एकनाथ शिंदे को होगा। उन्होंने आगे कहा कि एकनाथ शिंदे यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि 2029 के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए फड़नवीस पसंद ना बन जाएं।

इससे पहले उद्धव ठाकरे ने भी कहा था कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को सीमित रखने और उन्हें काबू में रखने के लिए “ऑपरेशन देवेंद्र” चलाया जा रहा है। इन आरोपों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा, “मैं तो एक इंसान हूं, मेरे पर नहीं हैं। ऐसे में मेरे पर कौन काट सकता है? मुझे महाराष्ट्र की 14 करोड़ जनता का आशीर्वाद प्राप्त है, इसलिए चिंता करने की कोई बात नहीं है।”

जानकारी के लिए बता दें कि कुछ दिन पहले ही उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) गुट के छह पार्षदों ने शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल होने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद एनडीए का संख्या बल और मजबूत हो गया। वहीं, उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे लगातार बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं।